यूपी: थाने से छुट्टी लेकर सिपाही कराता था गोकशी
यूपी के रामपुर जिले में पुलिस पर गोकशी कराने का आरोप लगा है। मामला मिलक कस्बे में बुधवार को सामने आया है। छह पशुओं के साथ सिपाही दीपक तोमर के पकड़े जाने के बाद इसका खुलासा हुआ है।
आरोपी सिपाही मेडिकल पर छुट्टी लेकर गोवंशीय पशुओं की तस्करी कराता था। पुलिस ने आरोपी सिपाही और गाड़ी चालक के खिलाफ पशु वध अधिनियम और पशु क्रूरता में रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, मामले में एसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की रिपोर्ट मुरादाबाद भेज दी गई है।
पुलिस के अनुसार, रामपुर-बरेली रोड पर दो लोग तीन गोवंशीय पशुओं को एक वाहन में भरकर रामपुर की ओर जा रहे थे। उन्हें देखकर पुलिस टीम को शक हुआ।
पुलिस ने पशुओं को ले जा रही गाड़ी को रोक लिया। वाहन में चालक के साथ वर्दी पहने हुए एक सिपाही बैठा हुआ था। चालक से पशुओं के बारे में पूछताछ की गई लेकिन कोई कागज न होने पर पुलिस का शक और गहरा गया।
बर्खास्त होगा आरोपी सिपाही
पुलिस ने चालक के साथ बैठे हुए सिपाही से जानकारी की। वह मुरादाबाद जिले के भोजपुर थाने का निकला था। कोतवाल आरके सोलंकी ने भोजपुर थाने में बात की तो उसकी पोल खुल गई। वह 10 नवंबर से मेडिकल अवकाश पर निकला था।
पुलिस ने आरोपी सिपाही दीपक तोमर और मुरादाबाद निवासी चालक राजवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्र बताते हैं कि आरोपी सिपाही काफी पहले से ही धंधे में लिप्त है। रामपुर पुलिस आरोपी सिपाही को पकड़ा था, लेकिन खाकी का लिहाज करके छोड़ दिया था। आरोपी सिपाही वर्दी पहनकर वाहन में चालक के साथ बैठता था।
एसपी साधना गोस्वामी ने बताया कि मुरादाबाद जनपद के भोजपुर में तैनात दीपक तोमर को जानवर ले जाते हुए पकड़ा गया है। वह मेडिकल अवकाश पर चल रहा है। उसके खिलाफ मिलक कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुरादाबाद के एसएसपी को रिपोर्ट भेज दी गई है।
एसएसपी लव कुमार ने आरोपी सिपाही के पकड़े जाने की सूचना के तुरंत बाद उसे सस्पेंड कर दिया। एसएसपी का कहना है कि दागी पुलिस वालों की महकमे में कोई जगह नहीं है। प्रक्रिया पूरी करते हुए कांस्टेबिल दीपक तोमर को पुलिस सेवा से बर्खास्त किया जाएगा।