'वर्दी वाले गुंडों' को महिला ने चप्पलों से पीटा
नाराज महिला ने दोनों की चप्पल से पिटाई कर दी। लोगों की भीड़ जुटने पर सिपाही बैंक में घुस गए। करमा पुलिस मौके पहुंचकर दोनों सिपाहियों को थाने ले गई। इसके बाद मामला शांत हुआ।
गुरुवार की दोपहर 1.30 बजे महिला बैंक से रुपये निकालकर लौट रही थी। गेट के बाहर दो पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर छेड़खानी शुरू कर दी।
महिला इसे नजरअंदाज कर आगे बढ़ने लगी मगर पुलिसकर्मियों की हरकतें और बढ़ गईं। विरोध करने पर दोनों वर्दी का धौंस देने लगे। इस पर महिला ने चप्पल उतारकर सिपाहियों की पिटाई शुरू कर दी। इससे अफरातफरी मच गई।
डर के मारे खुद को कैद कर लिया
आसपास के लोग बैंक के बाहर जुट गए। मामला तूल पकड़ते देख सिपाही बैंक में घुस गए और कमरे में खुद को बंद कर लिया। लोग सिपाहियों को बाहर निकालने का दबाव बैंककर्मियों पर बनाने लगे। सूचना मिलने पर करमा थाने के कुछ पुलिसकर्मी बैंक पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत किया।
पुलिस दोनों सिपाहियों को थाने ले गई। इस मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष गिरिधारी सिंह का कहना है कि सरंगा गांव के बाहर सिपाहियों के नशे में धुत होकर महिला से झगड़ने की सूचना मिली है मगर बैंक में महिला के साथ छेड़खानी की जानकारी नहीं है।
इस बारे में सीओ सिटी सच्चिदानंद ने कहा कि बैंक में महिला के साथ छेड़खानी की शिकायत मिली है। उन्होंने इसकी रिपोर्ट एसओ करमा से मांगी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।