उबर के ड्राइवर ने कैब में महिला को दिया सेक्स का ऑफर
दिल्ली में कैब ड्राइवर की दरिंदगी के बाद अब पूरी दुनिया में उबर कंपनी के खिलाफ मामले सामने आ रहे हैं। अमेरिका की युवतियों की ओर से आरोप लगाए जाने के बाद अब लंदन की एक महिला ने भी कैब ड्राइवर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला ने आरोप लगाया कि उबर कैब के ड्राइवर ने यात्रा के दौरान उसे ओरल सेक्स करने का ऑफर दिया और इसके बदले में करीब 2 हजार रुपए देने का भी लालच दिया।
मार्च में हुई इस घटना के बारे में पीड़िता ने अब खुलासा किया है और आरोपी ड्राइवर की ओर से भेजे गए सारे ईमेल भी सबूत के तौर पर पेश किए हैं।
महिला ने बताया कि आरोपी ने यात्रा की समाप्ति पर भी उससे पूछा कि क्या वह उसे एक मौका देना चाहेगी। उसने यह भी कहा कि वह इस काम में बेहद माहिर है।
ड्राइवर की इस हरकत से असहज हुई महिला
मेट्रो के अनुसार, महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि ड्राइवर ने यात्रा शुरू करने के बाद उसे कहा कि अगर वह अनुमति दे तो वह साइड में कैब रोककर उसके साथ संबंध बना सकता है। ड्राइवर की इन बहकी बातों से महिला बेहद घबरा गई थी।
मामला सामने आने के बाद उबर के एक प्रतिनिधि ने पीड़ित महिला से बात की और उसे पूरा किराया वापस किया। यही नहीं, उसने करीब 2000 रूपए अलग से भी उसमें जोड़े।
कंपनी ने माफी मांगते हुए कहा कि उन्होंने आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
इसके बाद कंपनी ने दोबारा माफी मांगते हुए कहा कि कंपनी की कैब में सफर के दौरान ऐसे घटना के बारे में उन्हें खेद है।
आगे की सीट पर बैठने को कहा
महिला ने कहा कि आरोपी ड्राइवर ने यात्रा शुरू करने के बाद उसे आगे की सीट पर आकर बैठने की सलाह दी थी। इसके बाद वह उसके रिलेशनशिप के बारे में पूछने लगा और इस दौरान उसकी भाषा अजीब थी।
कंपनी ने घटना के बारे में सफाई देते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं के लिए उन्होंने कोई खास पॉलिसी नहीं बनाई है लेकिन जैसे मामले सामने आते हैं उनमें दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाती है।
यही नहीं, कंपनी ने कहा कि अगर यात्रियों को किसी तरह की मुश्किल होती है तो वे उनका पूरा पैसा वापस कर देते हैं।
बता दें कि दिल्ली में एक युवती के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद मोबाइल ऐप पर आधारित कैब कंपनी पर कई देशों में रोक लगा दी गई है। इस कड़ी में स्पेन, नीदरलैंड और थाइलैंड ने भी उबर पर बैन लगा दिया है।