उबर के तीन ड्राइवरों ने फिर किया घिनौना काम
दिल्ली में हुए दिल दहला देने वाले रेपकांड के बाद भी उबर कैब के ड्राइवर सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार फिर से उबर के तीन ड्राइवरों ने शर्मनाक हरकतों को अंजाम दे डाला।
साउथ अफ्रीका में रहने वाली सिंगर निक्की विलियम्स ने ट्विटर पर खुलासा करते हुए आरोप लगाया कि उबर कैब के ड्राइवर ने रास्ते में उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की है।
सिंगर ने बताया कि उसने ड्राइवर के खिलाफ उबर कंपनी से शिकायत की, जिसके बाद आरोपी ड्राइवर को नौकरी से निकाल दिया गया है। साथ ही कंपनी ने इस घटना को लेकर उससे माफी भी मांगी है।
कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। लगातार सामने आ रहे मामलों ने कंपनी की छवि पर बुरा असर डाला है।
केस 2- हाथ-पैर बांधकर कैब में किया रेप
बिजनेस इनसाइडर के अनुसार, दूसरा मामला अमेरिका के बोस्टन शहर का है। यहां उबर कंपनी के एक ड्राइवर को यात्री से रेप और अपहरण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ड्राइवर अलेजांड्रो डोने ने बीते 6 दिसम्बर को एक महिला यात्री को अगवा किया था। महिला अपने दोस्तों के साथ घूमने निकली थी और घर लौटने के लिए उसने मोबाइल ऐप से कैब बुक की थी।
कैब में बैठते ही आरोपी ने महिला से कैश पेमेंट करने को कहा। जबकि उबर की सुविधाओं के मुताबिक यात्री कार्ड से पेमेंट कर सकते हैं। महिला ने एक एटीएम बूथ पर रुक कर पैसे निकाले।
महिला पैसे निकालकर वापस लौटी तो हैरान रह गई। आरोपी ड्राइवर कैब की पिछली सीट पर बैठा था। उसने झटके से दरवाजा बंद करके लॉक कर दिया और तेजी से महिला का मुंह भी दबा दिया ताकि वह चीख न सके।
इसके बाद आरोपी ने उसके हाथ पैर बांध दिए और उसके साथ बलात्कार किया। आरोपी के चंगुल से आजाद होने के बाद महिला ने पुलिस से इसकी शिकायत की है।
केस 3- कैब ड्राइवर ने तोड़ी महिला की नाक, फाड़े कपड़े
फिलाडेलफिया का रहने वाली एक मॉडल ने उबर कैब के ड्राइवर के खिलाफ करीब 3 करोड़ रुपए के हर्जाने का दावा ठोका है। मॉडल का आरोप है कि कैब ड्राइवर ने उसके चेहरे और गर्दन पर घूंसा मारा था जिससे उसे काफी गंभीर चोटें आईं थीं।
मॉडल ने आरोप लगाया कि जुलाई महीने में वह ट्रैफिक में खड़ी थी जब यह घटना हुई। लॉरेनी डेल्प नाम की इस मॉडल ने कहा कि सिग्नल पर कैब ड्राइवर ने पहले उसे गालियां दीं और फिर उस पर हमला बोल दिया।
आरोपी ने घूंसा मारकर उसकी नाक तोड़ दी और उसके गले में भी चोट पहुंचाई। इस दौरान हुई छीनाछपटी में मॉडल के कपड़े भी फट गए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि अगले दिन जमानत पर उसे रिहा कर दिया गया। मामला फिलहाल कोर्ट में है। इसकी सुनवाई 22 जनवरी तक शुरू हो सकती है।