पुलिसवालों की दरिंदगी: बहन से रेप की कोशिश, भाई का कत्ल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक युवती अपने भाई को लेकर एक झगड़े के मामले की शिकायत करने थाने पहुंची तो पुलिसवालों ने उन्हें गालियां देकर भगा दिया। वे घर जाने लगे तभी उसी थाने के दो सिपाही उनके पीछे आ गए।
उन्होंने यह कहना शुरू कर दिया कि वह युवक के साथ भागकर आई है। यह बताने पर कि युवक उसका सगा भाई है, सिपाही नहीं माने। भाई ने विरोध किया तो लाठी से सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
उसके बाद उन्होंने युवती से रेप की कोशिश की और उससे मारपीट भी की। पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है लेकिन एसएसपी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। यह घटना उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की है।
बयान से उड़े पुलिसवालों के होश
फैजगंजबेहटा पुलिस को सोमवार देर रात मन्नूनगर और पहाड़पुर गांव के बीच एक्सीडेंट की सूचना मिली। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां एक युवती घायल अवस्था में पड़ी थी। पास ही एक युवक का शव और क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी थी।
युवती को एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया। होश आने पर उसने जो बयान दिया उससे पुलिसवालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने आसफपुर चौकी के दो सिपाहियों पर दुराचार की कोशिश करने और भाई के सिर में डंडा मारकर हत्या करने का आरोप लगाया।
आरोप है कि थाना पुलिस मंगलवार सुबह तक उसे बयान बदलने के लिए मनाने में जुटी रही। दिन में युवती के परिवार के लोग उसे बदायूं कचहरी स्थित अधिवक्ता ओमकार सिंह के चैंबर में लाए और उनसे मदद की गुहार लगाई। सूचना पर मीडिया भी पहुंच गई।
झगड़े की शिकायत करने गई थी थाने
विवाहित युवती ने खुद को बरेली के आंवला थाना क्षेत्र की एक गांव की बताया। उसका मायका बरेली में ही सिरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में है। उसने बताया कि वह भाई के साथ रविवार को बड़ी बहन के घर तखौरा आई थी।
यहां बहन का पड़ोसियों से झगड़ा हो गया। इसकी शिकायत करने वह भाई के साथ बाइक से आसफपुर चौकी गई। पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की और गालियां देकर भगा दिया।
जबर्दस्ती करने की कोशिश में मारपीट
जब वे वापस लौट रहे थे तो आसफपुर चौकी के दो सिपाही पीछे से बाइक पर आए। उन्होंने यह कहना शुरू कर दिया कि वह युवक के साथ भागकर आई है। यह बताने पर कि युवक उसका सगा भाई है, सिपाही नहीं माने।
भाई ने विरोध किया तो उसके सिर में लाठी मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। उसके साथ जबर्दस्ती करने की कोशिश में मारपीट की। इससे वह बेहोश हो गई। उसने कहा कि सिपाहियों के नाम नहीं जानती पर सामने आने पर पहचान लेगी। युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें सिर फटने से मौत की पुष्टि हुई।
जांच का आदेश, होगी कार्रवाई
पुलिस हालांकि इस मामले को संदिग्ध मान रही है फिर भी एसएसपी अतुल सक्सेना ने एसपी (देहात) को सभी बिंदुओं पर जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत हादसे से होने की बात सामने आई है। यदि जांच में सिपाही दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसपी (देहात) ओमप्रकाश यादव का कहना है कि घटनास्थल का मुआयना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और क्षतिग्रस्त बाइक की स्थिति इस मामले को एक्सीडेंट से जुड़ा दर्शा रही है। हालांकि जांच का विषय यह जरूर है कि महिला स्थानीय नहीं है और वह फिजूल में सिपाहियों पर आरोप क्यों लगाएगी?
उन्होंने बताया कि महिला का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। तहरीर अभी नहीं मिली है। हमें तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने में गुरेज नहीं है। जांच को उसमें शामिल करके कार्रवाई की जाएगी।