विवाद में कांग्रेसी नेता ने की दो की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सलाद ना काटने पर पत्नी से हुए विवाद के बाद समझौता कराने आए अपने दो सालों चमन (40) और राजा (36) की कांग्रेस नगर अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने गोली मारकर हत्या कर दी।
मुरारी नगर कालोनी में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे यह वारदात हुई। हत्या करके भागते भूपेंद्र को पुलिस ने लाइसेंसी रिवाल्वर समेत हिरासत में ले लिया। मामले में देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।
एसएचओ सुधीर त्यागी ने बताया कि मुरारी नगर निवासी कांग्रेसी नेता भूपेंद्र शर्मा (42) और पत्नी रजनी के बीच मंगलवार शाम सलाद न काटने पर मारपीट हो गई थी।
यह खबर रजनी के मायके पहुंची तो बुधवार सुबह उसके भाई चमन गौड़, चचेरे भाई राजा और कृष्णा समझौता कराने चले आए। हालांकि रजनी का आरोप है कि भूपेंद्र शर्मा ने खुद फोन करके उसके भाइयों को बुलाया था।
पुलिस ने आरोपी को भागते हुए दबोचा
एसएचओ के मुताबिक, रजनी के भाइयों के घर में पहुंचते ही भूपेंद्र की उनसे बहस हो गई। बात इतनी बढ़ी कि कांग्रेसी नेता ने लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग शुरू कर दी। दो गोलियां प्रापर्टी डीलर चमन को, जबकि राजा को एक गोली लगी।
रजनी और कृष्णा की चीखें और गोलियों की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। किसी ने पुलिस को खबर कर दी। हाथ में रिवाल्वर लहराकर भागते हुए कांग्रेसी नेता को पुलिस ने कालोनी के गेट के पास ही दबोच लिया।
उधर, चमन और राजा को तुरंत जटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चमन को मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों ने राजा को नोएडा रेफर कर दिया, जहां उसकी भी मौत हो गई। देर शाम तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस कांग्रेसी नेता भूपेंद्र से पूछताछ कर रही है।