यूपी में दबंगों ने दो भाइयों को जिंदा जलाया
उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार लाख दावे करे लेकिन यूपी में कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है।
ताजा खबर झांसी से आ रही है। यहां चिरगांव थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम हसली में सुबह दबंगों ने दो भाइयों को मिट्टी का तेज डालकर जिंदा जला दिया।
जानकारी के अनुसार, खेत से मिट्टी लाने से इनकार करने पर एक युवक से छीने गए मोबाइल की शिकायत घर पर किए जाने से बौखलाए दबंगों ने इस घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने घर में घुसकर परिजनों की पिटाई की। बाद में युवक को घर से बाहर खींचकर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी।
घर में घुसकर दबंगों ने परिजनों की पिटाई भी की
बचाने आए युवक के भाई को भी आग के हवाले कर दिया गया। झुलसी हालत में दोनों को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां युवक की मौत हो गई, जबकि उसके भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी है।
अतपेई गांव निवासी गयादीन का पुत्र पवन (19 वर्ष) शनिवार की सायं करीब पांच बजे घर पर मोबाइल से गाने सुन रहा था। तभी गांव के एक दबंग ने पवन से ट्रैक्टर- ट्राली में खेत से मिट्टी भरकर लाने को कहा।
गाना सुन रहे पवन ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। यह बात दबंग को नागवार गुजरी। उसने गाली - गलौज करते हुए पवन का मोबाइल छीन लिया और चला गया।
यह जानकारी पिता गयादीन को हुई तो वह दबंग के घर पहुंचे और परिजनों से शिकायत की। इससे दबंग का गु्स्सा और बढ़ गया।
मोबाइल छीनने की शिकायत से बौखलाए थे दबंग
रात करीब साढ़े नौ बजे दबंग अपने भाई आदि के साथ गयादीन के घर पर आ धमका। गयादीन के अनुसार चार लोगों ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए परिजनों के साथ मारपीट की।
पवन को भी पीटा। बाद में वह पवन को घर से घसीटकर बाहर ले गए। उनके पीछे छोटा पुत्र कपिल भागा। रास्ते में गुस्साए चारों लोगों ने पवन के ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेल दिया और आग लगा दी।
कपिल ने बचाने का प्रयास किया तो उसे भी जला दिया। इसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर भागे। उन्होंने पवन व कपिल के कपड़ों में लगी आग को बुझाया।
पिता व तीन पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
चिंताजनक हालत में दोनों को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां पवन की मौत हो गई। कपिल की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस मामले में गयादीन पुत्र परमानंद ने अतपेई गांव निवासी जगत, उनके पुत्र राजेश यादव, बृजेश यादव और सुरेश यादव के खिलाफ धारा 302, 307, 323, 392, 504, 506 व 3/4 एससीएसटी एक्ट में मामला दर्ज कराया है।
इस घटना के बाद जिलाधिकारी लाल विहारी पांडेय व एसएसपी शिवसागर सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारी द्वय ने ग्रामीणों तथा मृतक की बुआ ऊषा से अलग-अलग बात की। जिलाधिकारी ने बताया कि राजेश यादव से मृतक पवन ने एक हजार रुपये उधार लिए थे।
पवन ने पैसा नहीं लौटाया तो राजेश ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया था। बाद में पवन को घर वालों ने डांटा भी था। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच कर रही है कि आग पवन ने लगाई या किसी और ने। पहला काम पवन के भाई को बचाना है।