ट्रेन में फौजियों का उत्पात, यात्री को नीचे फेंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुवाहाटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में कब्जा करने के विरोध में सेना के जवान यात्रियों से भिड़ गए। उनके साथ बदसलूकी की। ट्रेन जैसे ही जंक्शन से चली तो एक यात्री को फौजियों ने धक्का देकर नीचे गिरा दिया।
इस पर जीआरपी, आरपीएफ ने ट्रेन रुकवाकर तीन फौजियों को हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, सिर्फ नाम पते लिखकर छोड़ दिया।
लालगढ़ से चलकर गुवाहाटी जाने वाली गुवाहाटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में अमरोहा से चढ़ा असम में तैनात एक फौजी यात्रियों को परेशान कर रहा था। वह कई यात्रियों से ट्रेन में भिड़ गया।
दोपहर 13:00 बजे जैसे ही ट्रेन बरेली जंक्शन आकर रुकी तो बरेली एयर फोर्स के दो जवान उसी जनरल कोच में और घुस गए। जिनकी मदद से अमरोहा से आ रहे फौजी की हिम्मत बढ़ गई और तीनों फौजी यात्रियों से बदसलूकी कर हाथापाई करने लगे।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की
इसी दौरान 13:08 बजे ट्रेन जंक्शन से चल दी, लेकिन फौजी यात्रियों से झगड़ा ही करते रहे और उन्होंने मुरादाबाद से शाहजहांपुर जा रहे जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव जुझारपुर निवासी विजय को धक्का देकर ट्रेन से नीचे गिरा दिया।
इस पर अन्य यात्रियों ने शोर मचाया। सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी ने ट्रेन को रुकवा लिया और तीनों फौजियों को पकड़कर जीआरपी थाने लाया गया। उधर, दस मिनट खड़ी होने के बाद 13:20 बजे ट्रेन गुवाहाटी को रवाना हो गई। जीआरपी और आरपीएफ ने फौजियों से लंबी पूछताछ की।
उनके नाम पते और तैनाती स्थल पूछा, लेकिन विजय की शिकायत के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इंस्पेक्टर जीआरपी चंद्रशेखर गुप्ता ने बताया कि वह बाहर हैं और मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वहीं आरपीएफ ने मामला जीआरपी का बताया और फौजियों को छोड़ दिया गया।