मां, बेटा और बहू की हत्या, सुराग देने वाले को पुलिस देगी ईनाम
ग्वालियर के चंदन नगर में अज्ञात बदमाशों ने गुरुवार देर रात एक ही परिवार की दो महिलाओं सहित तीन लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या का पता देर रात पुलिस को तब चला जब गृहस्वामी होटल से ड्यूटी करके लौटा। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्वालियर थाना क्षेत्र के कोटेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित चंदन नगर में गुरुवार रात लगभग 12.30 बजे अपने घर पहुंचे होटल पर काम करने वाले कैलाश गुप्ता को घर के दरवाजे खुले मिले। पंखा चल रहा था। लाइट भी जल रहीं थी।
कैलाश ने पत्नी सरोज को आवाज लगाई तो उसने दरवाजा नहीं खोला। कैलाश जब घर के अंदर पहुंचा तो दूसरी मंजिल के पोर्च पर सरोज (47) मृत पड़ी मिली। पास ही काफी खून भी था। कैलाश ने पास ही दूसरे कमरे पर नजर डाली तो वहां उसकी पुत्रवधू रुचिका (24) अर्धनग्न अवस्था में जमीन पर पड़ी थी। इसके बाद उसने अपने बेटे पवन की तलाश की। वह तीसरी मंजिल पर खून से लथपथ पड़ा मिला। यह देख उसने अपने पड़ोसी को जगाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
बेटी के ससुराल वालों पर शक
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच में पाया कि पहले बदमाशों ने तीनों ने एक-एक कर धारदार हथियार से मौत के घट उतारा। लूट दिखाने के लिए गोली चलाई और अलमारी भी खुली छोड़ी। जबकि घर से कोई भी चीज नहीं गई है।
उधर पुलिस को हत्या की वजह के बारे में पता चला है कि कैलाश की बेटी संगीता का विवाह कन्नौज निवासी युवक से सात वर्ष पूर्व हुआ था। उसका एक बेटा है। पति से अनबन के कारण वह अलग विंडसर हिल्स में फ्लैट में रहती है। वहीं उसने दहेज प्रताड़ना का केस भी ससुरालीजनों पर कर रखा है।
पुलिस पवन के मोबाइल की कॉल डिटेल के साथ ससुरालीजनों की लोकेशन, आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों, संगीता के साथ रह रहे युवक की प्रोफाइल को भी खंगाल रही है। उधर पुलिस अधीक्षक हरिनारायणचारी मिश्रा गुरुवार रात ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
आईजी ग्वालियर रेंज आदर्श कटियार शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव को भी बुलाया गया। उधर, पुलिस अधीक्षक हरिनारायणचारी मिश्रा ने ट्रिपल मर्डर के अज्ञात आरोपियों की पहचान बताने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।