तीन बच्चों संग क्यों लिया आत्मदाह का फैसला?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद में घरेलू कलह की आग ने शुक्रवार को पूरे परिवार को तबाह कर दिया।
कोरांव के बैदवार गांव की शीला (28) ने नशेड़ी पति विजय कुमार बिंद उर्फ झूरू की मार और देवरानी से तकरार के बाद तीन बच्चों संग खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली।
आग लगाने से पहले शीला ने अपनी आठ वर्ष की बेटी रूपा और पांच वर्ष की बेटी दीपा को साड़ी के सहारे शरीर से बांध लिया था। डेढ़ वर्ष का बेटा प्रदीप उसकी गोद में था।
शीला और दीपा ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया लेकिन रूपा और प्रदीप की इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल लाते वक्त रास्ते में मौत हो गई।
मां की मौके पर ही हुई मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम
बच्चों संग आत्मदाह की खबर मिलते ही मौके पर शीला के मायके वालों के साथ ही गांव वाले भी पहुंच गए। पुलिस विजय को पकड़ कर थाने ले आई। शाम को विजय ने आत्महत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
घटना सुबह सुबह करीब 8.30 बजे की है। शीला ने आग लगाने से पहले कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर लिया था। जब आसपास के लोगों ने लपटें देखीं और बच्चों की चीख सुनी तो दरवाजे को खोलने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली।
ग्रामीणों की मदद से दरवाजे की बगल की दीवार में छेद किया गया। जब दरवाजे को गिराया गया तो भीतर का नजारा देखकर लोग दहल गए। प्रदीप कुछ दूर बगल झुलसा पड़ा था और दोनों बेटियों के साथ झुलसी शीला पड़ी थी।
पति ने की थी पिटाई और देवरानी से भी हुआ था झगड़ा
दरवाजा खुलने तक दीपा और शीला की सांस थम चुकी थी। रूपा और प्रदीप की कराह सुनकर सभी को सीएचसी कोरांव भेजा गया। एसओ कोरांव सुरेश कुमार सैनी और तहसीलदार हरिराम यादव भी मौके पर पहुंच गए।
शीला से रूपा को अलग करने में डॉक्टरों को खासी दिक्कत हुई। उसकी साड़ी पर भी मांस के लोथड़े चिपक गए थे। अस्पताल पहुंचने से पहले रूपा और प्रदीप ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक सुबह भैंस को दुहने के दौरान विजय का शीला से विवाद हो गया था। विजय ने शीला को पीट दिया था। वह घर के भीतर पहुंची तो विधवा देवरानी शकुंतला देवी से भी झगड़ा हो गया।
नशे में धुत होकर पत्नी को पीटता था विजय
शकुंतला को लगा कि विजय उसको गाली दे रहा है। उससे भी तकरार होने के बाद शीला ने तीनों बच्चों के साथ खुद को कमरे में कैद कर लिया था।
विजय उसको पीटने के बाद सुग्रीव पटेल के घर छप्पर छाने चला गया था। जब सुग्रीव के यहां काम नहीं मिला तो वह खेत पर चला गया।
आग लगाने की जानकारी मिलते ही वह भी भागते हुए घर पहुंचा था। पुलिस ने देर रात तक विजय को छोड़ा नहीं था।
गांव वालों के मुताबिक पहले भी आए दिन घर में झगड़ा होता था। नशे में धुत होकर विजय पत्नी को पीटता था और शकुंतला से भी शीला का अक्सर झगड़ा होता था।