बेटी ने मां-बाप पर लगाया देह व्यापार कराने का आरोप
केरल पुलिस ने 13 साल की किशोरी से दो साल तक देह व्यापार कराने के आरोप में उसकी मां और सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है।
किशोरी की मां ने एक स्थानीय टीवी चैनल को बताया कि वो एक ग्राहक से तीन हजार रुपए लेते थे और किशोरी को महीने में कम से कम एक बार किसी ग्राहक के पास भेजा जाता था।
अपने पहली की शादी से इस महिला का एक बेटा और बेटी भी है। पुलिस ने किशोरी के 18 साल के भाई के खिलाफ भी उसकी 11 वर्षीय छोटी बहन के यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
किशोरी की 37 वर्षीय मां के कुल सात बच्चे हैं। उनकी सबसे बड़ी संतान 24 साल और सबसे छोटी चार साल की है। यह परिवार केरल के मुस्लिम बहुल मल्लपुरम जिले में एक किराए के मकान में रहता है।
40 से में 25 ग्राहकों की हुई पहचान
पुलिस ने उन 40 कथित 'ग्राहकों' में से 25 की पहचान कर ली है, जिनके पास किशोरी को भेजा गया। पुलिस ने 55 साल के एक दलाल और नौ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले का पता तब चला जब बच्चों के लिए काम करने वाली संस्था चाइल्डलाइन के काउंसलर सोमवार को इस किशोरी के स्कूल में पहुंचे। बच्ची ने उन्हें बताया कि उसके माता-पिता उसे उससे चार गुना अधिक आयु के लोगों के पास भी भेजते थे।
इसके बाद बच्ची को एक सरकारी आश्रय गृह में पहुंचा दिया गया। बलात्कार की पुष्टि के लिए उसकी मेडिकल जांच की गई। चाइल्डलाइन के स्वयंसेवकों ने इस किशोरी की छोटी बहनों को भी पुलिस की मदद से आश्रय गृह पहुंचाया।
फोटो दिखाकर फंसाती थी ग्राहक
महिला के 55 साल के पति ड्राइवर का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया, "मैं बच्ची की फोटो दिखाकर ग्राहक को आकर्षित करता था। मेरी शादी 15 साल पहले हुई थी।"
लेकिन वो इसका कोई प्रमाण नहीं पेश कर सके। इससे पहले पुलिस ने कोच्ची में 2011 में एक पुरुष और उसकी पत्नी को ऐसे ही मामले में गिरफ्तार किया था।
उन दोनों पर अपनी एक नाबालिग बच्ची को क़रीब दो सौ लोगों के पास देह व्यापार के लिए भेजने का आरोप था। इस मामले में पुलिस ने 148 लोगों के खिलाफ़ मामला दर्ज किया था।