बाल झड़ने से परेशान महिला ने कर ली खुदकुशी
बिहार के गोपालगंज में एक हैरत में डाल देने वाला वाकया सामने आया है। यहां एक महिला अपने बालों के झड़ने से इतनी परेशान हो गई कि उसने आत्महत्या कर ली। अपने सुइसाइड नोट में उसने आत्महत्या करने का यही कारण बताया है।
घटना शनिवार की रात को गोपालगंज नगर थाना के साधू चौक की है। खुदकुशी करने वाली 25 वर्षीय महिला का नाम दीप्ति रानी है और वह थावे प्रखंड कार्यालय में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थी।
सुइसाइड नोट बरामद
रानी के पिता मुन्ना कुमार साह की मानें, तो सामान्य दिनों की तरह ही शनिवार की रात भी रानी ने खाना बनाकर सबको खिलाया और खुद भी खाकर सोने चली गई, लेकिन रविवार जैसे सुबह उठे, तो उसका शरीर पंखे से दुपट्टे के साथ लटका हुआ था। कमरे से उसके हाथ से लिखा हुआ सुइसाइड नोट भी बरामद हुआ है।