थाने में छात्रा से पिटने वाला युवक गायब, पुलिस के हाथ-पैर फूले
छह दिन पहले पीलीभीत में छात्रा से कथित छेड़छाड़ के आरोपी जिस छात्र को कोतवाली पुलिस ने अपनी मौजूदगी में छात्रा से पिटवाया था वह छात्र घटना के दिन से लापता है।
छात्र के पिता ने अपने पुत्र को निर्दोष बताते हुए कोतवाली पुलिस पर मानवाधिकार का हनन करने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से की है। साथ ही उन्होंने जल्द ही आईजी व डीआईजी से मिलकर आरोपी पुलिस वालों पर कार्रवाई की मांग करने की बात भी कही है।
छात्र के पिता का कहना है कि घटना के बाद से ही उनका इकलौता पुत्र घर नहीं पहुंचा है। उसे कुछ हुआ तो उसकी जिम्मेदार पुलिस होगी। पुलिस की मौजूदगी में कोतवाली में छात्र की पिटाई का मामला चर्चा में आने के बाद अधिकांश लोग जहां छात्रा की प्रशंसा करने में जुटे हैं वहीं घटना से छात्र के परिवार के लोग आहत है।
छात्रा ने लात घूंसों से की थी पिटाई
तीन जुलाई को कोतवाली के बाहर और फिर कोतवाली के अंदर कथित छेड़छाड़ के आरोपी युवक की लात-घूसों, चप्पलों से पिटाई की गई थी। पिता का कहना है कि उसका पुत्र बाइक चलाना तक नहीं जानता, न ही छात्रा से छेड़खानी की।
पिता ने बताया कि कोतवाली में पिटाई के दौरान बनाई गई क्लिप में भी छात्रा उससे बार-बार गाली देने की बात कह रही थी। अगर उसके पुत्र ने गाली दी होती तब पुलिस कार्रवाई करती, लेकिन उसके पुत्र को पुलिस वालों ने अपने सामने लात-घूसों, चप्पलों से पिटवाकर मानवाधिकार का हनन किया है। इसे किसी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
अगर उनके पुत्र को कुछ हो गया तब इसकी जिम्मेदार कोतवाली पुलिस की होगी। छात्र के पिता का आरोप है कि मामले की शिकायत पर कोतवाली प्रभारी ने भी अनसुनी कर दी। उल्टे उन्हें धमकाया। पुलिस की धमकी की दहशत आदि पर उससे जबरिया फैसलानामा पर हस्ताक्षर करा लिए गए।
प्रशिक्षु दरोगा की नौकरी मुश्किल में
मनचले युवक की छात्रा द्वारा पूरनपुर कोतवाली में पिटाई के मामले में प्रशिक्षु दरोगा सिद्धार्थ गोस्वामी को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है।
तीन जुलाई की शाम को पूरनपुर कोतवाली के पास बाइक सवार कुछ मनचलों ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर दी थी। आरोपी युवक को सजा देने के लिए पुलिस ने कोतवाली में ही छात्रा से आरोपी को पिटवाया था।
आरोप है कि प्रशिक्षु दरोगा ने उसकी वीडियो क्लिप अपनी मौजूदगी में या तो स्वयं बनाई अथवा किसी से बनवाई थी, जो बाद में वायरल की गई।
VIDEO: पैरे छूने पर मानी थी युवती
युवती ने आरोपी की धुनाई करने के साथ ही उससे पुलिस के सामने ही अपने पैर छुआए थे। लड़की की हिम्मत के आगे युवक गिड़गिड़ाने लगा और सोरी बोलते हुए उसके पैरों पर गिर गया था।