13 साल की लड़की से बाप-भाई ने किया दुष्कर्म
90 साल की महिला से दुष्कर्म का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि मध्य प्रदेश में एक और शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। इस घटना में एक 13 साल की बच्ची के साथ उसके सगे पिता और भाई ने महीनों गैंगरेप किया।
मामला मध्य प्रदेश के इंदौर जिले का है। जहां हीरानगर इलाके में रहने वाली 13 साल की बच्ची ने घर की मकान मालकिन से अपनी आप बीती सुनाई। जिसके बाद उन्होंने बच्ची को लेकर पुलिस में मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने आरोपी पिता को दबोच लिया है जबकि उसका बेटा अभी भी फरार है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता और भाई पेशे से कारीगर हैं। ये सभी गोरीनगर इलाके में एक किराए के मकान में रहते हैं।
6 साल पहले हो चुकी है मां की मौत
टीओआई के अनुसार, हीरानगर थाने के इंचार्ज बसंत मिश्रा ने बताया कि पीड़ित लड़की की मां का निधन 2008 में हो चुका है। रविवार को उसने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसके पिता और भाई ने करीब तीन महीने से उसे बंधक बना रखा है।
लड़की ने आरोप लगाया कि दोनों ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और प्रताड़ित भी किया। बार-बार हो रही हैवानियत से परेशान लड़की ने हिम्मत दिखाते हुए मकान मालकिन को पूरी कहानी सुनाई।
मकान मालकिन ने पीड़ित के दूसरे भाई को इसकी सूचना दी, जोकि अपनी पत्नी के साथ परिवार से अलग रहता है। सूचना मिलते ही वह फौरन वहां पहुंचा और बहन को लेकर थाने में शिकायत की। पुलिस ने पिता और भाई पर रेप का मामला दर्ज कर लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।