टीचर ने छात्रा को बेहोश कर बनाई अश्लील क्लिप
लखनऊ में एक शिक्षक द्वारा छात्रा से की गई दरिंदगी के चर्चे थमे न थे कि मंगलवार देर रात अलीगढ़ महानगर के बन्नादेवी इलाके में शिक्षक द्वारा छात्रा को बेहोश कर उसके अश्लील फुटेज बनाने और ब्लैकमेल करने का प्रकरण सामने आ गया।
छात्रा के परिवार ने शिक्षक को बातों में उलझाकर अपने घर बुलाया और फिर उसकी जमकर धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। देर रात तक आरोपी शिक्षक हिरासत में था और पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी।
घटनाक्रम के अनुसार बन्नादेवी नई बस्ती इलाके की कान्वेंट स्कूल में पढ़ने वाली दसवीं की छात्रा को राजेंद्र गुलाटी नाम का दूसरे कान्वेंट स्कूल का शिक्षक ट्यूशन पढ़ाने घर पर आता था। वह छात्रा से कुछ असामान्य हरकत करता था और उसे बोर्ड परीक्षा में पास कराने का प्रलोभन भी देता था। डेढ़ माह पहले उसकी गलत हरकतों के चलते परिवार ने ट्यूशन बंद करा दिया। इसके बाद वह दूसरे ट्यूटर के पास ट्यूशन पढ़ने जाने लगी।
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
आरोप है कि 28 तारीख की सुबह राजेंद्र उसे स्कूल के रास्ते में मिला और बातचीत में उससे ट्यूशन को लेकर पूछा। इस पर छात्रा ने बता दिया कि वह अब दूसरी जगह पढ़ रही है। उसी दिन शाम को जब छात्रा ट्यूशन पढ़ने जा रही थी, तभी सीमा फाटक के पास वह उसे मिल गया और बातों में उलझाकर उसे कुछ खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद वह उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले गया। जहां उसके अश्लील फुटेज बनाए और गायब हो गया।
होश आने पर छात्रा को अपने साथ कुछ असामान्य होने का अहसास हुआ तो उसने घर आकर पूरी बात बताई। इसके बाद ट्यूटर ने छात्रा के फोन पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। यहां तक कहा कि अगर उसने बात नहीं मानी तो उसके फोटो सोशल साइट्स पर अपलोड कर उसे बदनाम कर देगा। इस पर परिवार ने चालाकी से उसे बातों में उलझाकर देर रात करीब 9 बजे अपने घर बुलाया। जहां आते ही उसकी जमकर धुनाई की और छात्रा के फोटो वापस मांगे। इसी बीच खबर पुलिस को मिल गई।
देर रात उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एसओ बन्नादेवी के अनुसार अभी मौखिक तौर पर शिक्षक पर आरोप लगाए गए हैं। तहरीर देने के लिए परिवार को कहा गया है। जो तहरीर मिलेगी, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्टया मामला छात्रा संग अश्लील हरकत और ब्लैकमेलिंग का बताया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।