यूपी: कलयुगी गुरु ने कोचिंग सेंटर में किया छात्रा से रेप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में एक शिक्षक ने ही अपने कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाली छात्रा की अस्मत लूट ली। वह छात्रा का चार महीने से यौन शोषण कर रहा था। घटना शिवपुर इलाके की है। पीड़ित छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
शिवपुर क्षेत्र की रहने वाली छात्रा पास के ही एक स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ती है। उसके पिता पंप की बोरिंग करते हैं। छात्रा घर के पास ही कोचिंग सेंटर में शाम को पढ़ने जाती थी।
आरोप है कि चार महीने पूर्व शिक्षक ने उसके साथ बलात्कार किया था और पुलिस में शिकायत न करने की धमकी दी थी। उसके बाद से अब तक चार महीने के दौरान शिक्षक ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया।
बार-बार रेप से टूट गई छात्रा
गुरुवार की शाम भी उसने छात्रा के साथ जब दुष्कर्म किया तो छात्रा ने परेशान होकर माता-पिता को इसकी जानकारी दी। शुक्रवार को परिवार के लोग शिकायत करने शिवपुर थाने पहुंचे।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ कैंट विनोद कुमार सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।
वहीं, यूपी के ही मुरादाबाद में घर छोड़ने के बहाने राशि के रत्नों का कारोबार करने वाले एक निजी विद्यालय के शिक्षक ने मूढापांडे क्षेत्र की परिचित दलित महिला को गाड़ी में बिठा लिया।
अपने साथियों के साथ इस शिक्षक ने महिला से चलती गाड़ी में रेप का प्रयास किया। विरोध करने पर महिला को डीयर पार्क के पास उतारकर आरोपी भाग गए। कटघर में आरोपी शिक्षक समेत तीन के खिलाफ रेप के प्रयास की रिपोर्ट हो गई है।
कार के अंदर रेप का प्रयास
मूढापांडे थाना क्षेत्र की रहने वाली एक ग्रामीण महिला राशि के रत्न लेने व ज्योतिष संबंधी जानकारी लेने के लिए बुद्घि विहार में रहने वाला सुधांशु शर्मा के पास आती रहती है। सुधांशु भोजपुर क्षेत्र में एक निजी विद्यालय में शिक्षक भी है।
गुरुवार को महिला अपनी दो साल की बच्ची को दवा दिलाने मुरादाबाद आई थी। शाम को वह अपने घर जाने के लिए पीतल नगरी रोडवेज डिपो पर खड़े होकर बस का इंतजार कर रही थी। तभी उसके सामने मटमैले रंग की छोटी कार रुकी। उसमें पीछे की सीट पर सुधांशु शर्मा बैठा था। उसने महिला से खुद के भोजपुर जाने की बात कही और महिला को रास्ते में पड़ने वाले उसके घर पर छोड़ने के लिए गाड़ी में बिठा लिया।
महिला के गाड़ी में बैठते ही ड्राइवर की सीट पर बैठा एक युवक भी पिछली सीट पर आ गया। सुधांशु और उस युवक ने महिला को पिछली सीट पर घेर कर अभद्रता करनी शुरू कर दी और रेप का प्रयास किया। महिला के विरोध जताने पर आरोपियों ने उसे डीयर पार्क के निकट छोड़ दिया।
महिला ने कटघर थाने में सुधांशु और अज्ञात कार चालक और पिछली सीट पर बैठे तीसरे अज्ञात युवक के खिलाफ रेप की प्रयास की तहरीर दी। कटघर पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया की पीड़िता के दलित और आरोपी के सवर्ण होने की वजह एससी-एसटी एक्ट भी लगाया गया है।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्ची से रेप
अहमदाबाद में एक निजी संस्थान में चलाए जा रहे आंगनबाड़ी केंद्र में छह साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान पंकज परमार (48) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची ओधव इलाके में आंगनबाड़ी केंद्र के पास ही रहती थी। पीड़ित बच्ची के पिता ने बताया कि आरोपी ने कुछ दिन पहले ही आंगनबाड़ी केंद्र चलाने के लिए उसका घर किराए पर लिया था।
बुधवार को उसने बच्ची को लालच देकर बुलाया और उसके साथ रेप किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची को मेडिकल के लिए भेज दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।