'भगवान के कहने पर' कैब ड्राइवर ने किया कांड
दिल्ली में कैब ड्राइवर की हैवानियत सामने आने के बाद दुनिया भर में ऐसे मामलों का लगातार खुलासा हो रहा है। लंदन में एक महिला के यौन उत्पीड़न के बाद अब एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें टैक्सी ड्राइवर ने एक महिला की हत्या की बात कबूल की है।
घटना इंग्लैंड के नॉर्थ यॉर्कशायर की है। आरोपी टैक्सी ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि उसने हथौड़े से महिला की हत्या की और फिर चाकू से उसके पैर काट दिए। इसके बाद उसने उसे एक ब्यूटी स्पॉट के पास दफना दिया।
45 वर्षीय आरोपी मार्टिन बेल ने खुद ही पुलिस को इस घटना के बारे में बताया। उसने कहा कि वह 23 वर्षीय पीड़िता गेम्मा सिंपसन को भागने का मौका दिया था, लेकिन बाद में उसे लगा कि वह उसके बच्चों को डरा रही है इसलिए उसे मार डाला।
भगवान ने कहा, 'इसे मार डालो'
डेली मेल के अनुसार, मार्टिन ने कोर्ट में पेशी के दौरान अपने अपराध के लिए माफी मांगी थी। हालांकि अभियोजन पक्ष के वकील ने कोर्ट को बताया कि आरोपी ने मिस सिंपसन को निर्दयता के साथ मारा था।
अपने बचाव में आरोपी ने कहा "उसने जो कुछ भी किया उसमें भगवान की मर्जी थी। भगवान चाहते थे कि मैं उसे मार डालूं इसलिए मैंने वहीं किया।"
उसने बताया कि सिंपसन की पीठ और गर्दन पर कई बार चाकू से वार किया और बुरी तरह गोद डाला। इसके पीछे उसने वजह बताते हुए कहा कि वह नहीं चाहता था कि महिला को आगे भी दर्द झेलना पड़े। घटना वाले दिन सिंपसन की मुलाकात आरोपी मार्टिन से रेलवे स्टेशन में हुई थी, जिसके बाद वह उसके घर गई।
हत्या के बाद मार्टिन नहाने गया और इसके बाद करीब चार दिन तक सिंपसन की लाश को बाथरूम में ही सड़ने दिया। उसने डर के मारे उसके दोनों हाथ पीछे की ओर बांध रखे थे। लाश पर नजर न पड़े उसके लिए उसने बाथरूम में परदे डाल रखे थे और दीवारों से खून के निशान मिटाने के लिए उसने घर को दोबारा पेंट कर दिया।
उफ! ऐसे ठिकाने लगाई लाश
लाश को ठिकाने लगाने के लिए उसने एक कार किराए पर ली, लेकिन ट्रैवल बैग में जब उसकी लाश नहीं समाई तो उसने चाकू से उसके दोनों पैर काट दिए। इसके बाद उसने स्लीपिंग बैंग में लाश को भरकर चेन से कसकर बांध दिया।
लाश को लेकर वह हैरोगेट के पास एक जगह पर गया और वहां उसने गड्ढा खोदकर सिंपसन की लाश को दफना दिया। आरोपी ने कोर्ट को बताया कि वह महिला को करीब 5 साल से जानता था। महिला जब घर से गायब हुई तो पुलिस ने उसे पूछताछ की लेकिन वह बच गया।
इस साल जुलाई में आरोपी मार्टिन ने अपनी पहली प्रेमिका को फोन किया और उससे बताया कि करीब 14 साल पहले उसने किसी की हत्या की है। यही नहीं, इस के बाद वह खुद ही पुलिस के पास पहुंच गया और उसने सिंपसन की हत्या की बात कबूल की।
'सुनाई देती थी 'भगवान' की आवाज'
उसने पुलिस को वह जगह भी दिखाई जहां उसने सिंपसन को दफनाया था। पुलिस ने उसके अवशेष बरामद कर लिए।
आरोपी के वकील ने कोर्ट में कहा कि उसे कई तरह की आवाजें सुनाई देती थीं, जिन्होंने उसे ऐसा करने को मजबूर कर दिया। यही नहीं, उसे शक का था कि कुछ लोग उसे मारना चाहते हैं जिसके चलते वह लगातार अलग-अलग शहरों में भागता रहता था।
वारदात को अंजाम देने से छह महीने पहले ही वह मानसिक रोग के अस्पताल से बाहर आया था। उसका इलाज करने वाले डॉक्टर ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं थी। इसी बीमारी के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। मामले की सुनवाई पूरी हो चुकी है। अब आरोपी को इस शुक्रवार सजा सुनाई जाएगी।