दुपट्टा हटा तो तांत्रिक ने बेटी को पटककर मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चांद बाबू नाम का वह शख्स हरी चादर पर तंत्र साधना कर रहा था। खुद हरा लबादा पहने हुए था, पत्नी ने भी हरा सूट पहना था और बच्चों के सिर पर हरी चोटियां थी।
इस बीच घर में दौड़ती भागती पांच साल की बेटी के सिर से दुपट्टा क्या हटा वह आपा खो बैठा उसने मासूम बच्ची को पहले जमीन पर पटका और फिर तड़पती बेटी का गला दबा दिया।
बच्ची को बचाने आए अपने चाचा पर चाकू से हमला करके उन्हें भी घायल कर दिया। करीब पांच घंटे तक बेटी के शव के पास बैठकर वह दूसरे बच्चों को भी डराता रहा। बाद में मीडिया वालों से पुलिस को जानकारी मिली तो उसे गिरफ्तार किया गया। वैसे वह एक फाइनेंस कंपनी के लिए एजेंट का काम करता था।
पांच घंटे तक लाश के पास बैठा रहा तांत्रिक
यह घटना भोजीपुरा थाना क्षेत्र में वसुधरन रोड किनारे बसे मेमोर गांव में हुई। तांत्रिक मोहम्मद जफर उर्फ चांद बाबू शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तंत्र मंत्र के कार्य में लगा था। परिवार वालों के अनुसार, मोहम्मद जफर की पत्नी नईम बानो खाना बना रही थी, तभी पांच साल की बेटी फरहीन खाना लेने के लिए जा रही थी।
दौड़ते समय सिर से दुपट्टा हटने की बात करते हुए फरहीन को जोर से पकड़कर बेरहमी से जमीन पर पटक दिया। जमीन पर ईंटें बिछी होने की वजह से फरहीन के सिर में गुम चोटें आने से वह तड़पने लगी। इस बीच तांत्रिक ने बच्ची का गला दबा दिया।
मां ने बच्ची को बचाने की कोशिश की तो वह उसको भी पीटने लगा। तांत्रिक के चाचा वली हुसैन मां और बच्ची के रोने पीटने और तड़पने की आवाज सुनकर पहुंचे तो चाकू से उन पर हमला कर दिया। उसका सात साल का बड़ा बेटा फरहान और चार साल का फय्यान घर में ही तख्त और चारपाई के नीचे दुबक गए। हत्यारा उन दोनों को वहां से निकालकर लाश के पास ले गया। पांच घंटे लाश के पास बैठकर वह उनसे यही कहता रहा कि पुलिस आए तो यही कहना भूख से फरहीन की मौत हो गई।
आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
इस बीच किसी ग्रामीण की चांद बाबू के घर में घुसने की हिम्मत नहीं हुई। चार बजे मीडियाकर्मी पहुंचे तो उन्होंने पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया। एसओ अनिल सिरोही ने आरोपी को लाश के पास से ही गिरफ्तार किया तो वह भिड़ गया। पुलिस कर्मी उसे घसीटते हुए जीप तक लाए और थाने ले गए। एसपी (देहात) बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि पत्नी की तरफ से आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शनिवार को आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
'मैं इन दिनों आर्थिक तंगी से जूझ रहा हूं, घर में खाने-पीने की मोहताजी है। बेटी फरहीन भूख से तड़पकर मरी है, मैंने उसे नहीं मारा।'
- पिता मोहम्मद जफर
'आरोपी मोहम्मद जफर की मानसिक हालत ठीक नहीं है, अनाप-शनाप बातें कर रहा है। तंत्र-मंत्र के बारे में भी उससे पूछा जाएगा। वह एक फाइनेंस कंपनी में एजेंट के रूप में काम करता था, इसमें नुकसान होने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।'
- धर्मवीर यादव, एसएसपी