यूपी: मनचलों से तंग छात्रा ने किया आत्मदाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में एक और हमीरपुर कांड सामने आया है। बरेली के कस्बा फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला अंसारी में शोहदों से तंग आकर आठवीं की एक छात्रा ने अपने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। आग को बुझाने के प्रयास में उसकी दादी भी झुलस गई।
हालत नाजुक होने पर छात्रा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लाकर शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शोहदे छात्रा को करीब दो साल से तंग कर रहे थे। इस मामले में अधिवक्ता के बेटे और उसके दोस्त को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, ये दोनों भी नाबालिग बताए जा रहे हैं। वकील का बेटा दसवीं का छात्र है और उसका साथी अभी सातवीं कक्षा में है।
सोमवार को साढ़े सात बजे शिवज्ञान इंटर कॉलेज की 14 वर्षीय छात्रा को स्कूल जाते समय मोहल्ले के ही एक अधिवक्ता के बेटे और उसके दोस्त ने रास्ते में घेर लिया। लड़की का आरोप है कि इन दोनों छात्रों ने फब्तियां कसीं और छेड़छाड़ करने लगे। उनके साथ और भी कई लड़के थे।
वकील के बेटे ने की थी छेड़छाड़
छात्रा किसी तरह स्कूल तो पहुंच गई, लेकिन दहशत में थी। छु्टटी के बाद वह घर जाने के लिए निकली तो फिर से दोनों ने उसे घेर लिया। विरोध करने पर वकील के बेटे ने उसका दुपट्टा खींचकर हाथ पकड़ लिया।
किसी तरह उससे हाथ छुड़ाकर वह अपने घर पहुंची। छात्रा की मां एक इंटर कॉलेज में टीचर हैं और पिता शेरगढ़ के बिजली घर में संविदा पर नौकरी करते हैं, दोनों उस वक्त ड्यूटी पर गए हुए थे।
छात्रा ने कमरे में अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया। आग के शोलों से शरीर जलने लगा तो वह सड़क पर दौड़ गई। घटना के वक्त उसकी दादी दरवाजे पर ही बैठी थी। आसपास के लोगों की मदद से छात्रा के कपड़ों में लगी आग बुझाने के बाद दादी उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। हालत नाजुक बताने छात्रा को परिवार वालों ने शहर के गांधी उद्यान के पास स्थित निजी अस्पताल लाकर भर्ती कराया।
एसएसपी धर्मवीर यादव ने बताया कि छात्रा को तंग करने वाले शोहदों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। छात्रा के परिवार वालों ने इससे पहले पुलिस से कभी शिकायत ही नहीं की। मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। घर वालों का कहना है कि लड़की की शिकायत पर उन्होंने वकील को सारी बात बतायी थी, लेकिन उन्होंने भी अपने बेटे को एक थप्पड़ मार कर छोड़ दिया था। पिता की डांट के बाद भी वह लड़की को परेशान करता रहा।