‘सुविधा शुल्क’ न देने पर छात्र की पिटाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के देवरिया में ‘सुविधा शुल्क’ न देने पर रामपुर कारखाना क्षेत्र में केंद्र व्यवस्थापक ने परीक्षार्थी की जमकर पिटाई कर दी। इससे छात्र के कान का पर्दा फट गया। घटना 20 फरवरी की है। पीड़ित ने जिला विद्यालय निरीक्षक और पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
सदर कोतवाली के मुकुंदपुर गांव निवासी अब्दुल कयूम अंसारी का बेटा शहादत अली रामपुर कारखाना के लाला मुंडेरा गांव में मामा के घर रहकर पढ़ाई करता है। इस वर्ष वह जनता इंटर कॉलेज, रामपुर कारखाना में 12वीं का छात्र है। इस विद्यालय के छात्रों का परीक्षा केंद्र शहीद भगत सिंह मेमोरियल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरनई में है।
शहादत अली के अनुसार 20 फरवरी को हिंदी द्वितीय प्रश्न-पत्र की परीक्षा देने गया था। यहां केंद्र व्यवस्थापक सुविधा शुल्क के नाम पर पांच हजार रुपये मांग रहे थे। जब गरीब होने की बात कहते हुए उसने रकम देने से असमर्थता जताई तो वे खिन्न हो गए।
उन्होंने पिटाई शुरू कर दी। कान पर जोर से थप्पड़ लगने की वजह से वह नीचे गिर गया। इसके बाद परीक्षा देने कमरे में ले जाया गया। कान से खून बह रहा था। कक्ष निरीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापक से कहा तो उन्होंने परीक्षा दिलाने की बात कहते हुए उपचार कराने से मना कर दिया।
पुलिस दे रही है कार्रवाई का आश्वासन
शहादत अली के अनुसार उसने निजी चिकित्सालय में उपचार कराया तो डॉक्टर ने कान का पर्दा फटने की बात कही है। उसने डीआईओएस और रामपुर कारखाना एसओ को प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मामले पर पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं स्कूल के ही एक व्यवस्थापक की मानें तो परीक्षार्थी इधर-उधर देख रहा था। इसलिए कक्ष निरीक्षक ने उसे मारा। रकम मांगने और मारने-पीटने का आरोप गलत है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने देवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। यदि केंद्र व्यवस्थापक ने रकम की मांग की है और नहीं देने पर परीक्षार्थी को मारा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।