सपा नेता के खिलाफ महिला को अगवा करने का मामला दर्ज
सूबे में सरकार समाजवादी पार्टी की है। सत्ताधारी पार्टी से सुरक्षा की उम्मीद की जाती है। लेकिन यूपी के बागपत में ऐसा नहीं लग रहा है।
अमीनगर सराय में समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव समेत तीन पर एक महिला के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कस्बा अमीनगर सराय के व्यक्ति ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अमीनगर सराय कस्बा निवासी महबूब पुत्र असगर ने सिंघावली अहीर थाना पर दी तहरीर में बताया कि 13 फरवरी की शाम सात बजे उनके मकान के सामने एक कार पहुंची। कार में सवार लोगों ने उसकी पत्नी को आवाज लगाकर मकान से बाहर बुलाया और उसके साथ गाली गलौज करने लगे।
सपा नेता ने नकारे सभी आरोप
आरोप है कि इसके बाद आरोपी, उसकी पत्नी को अपनी गाड़ी में जबरदस्ती डालकर ले गए। तभी से उसकी पत्नी आरोपियों के चंगुल में है। पीड़ित ने पुलिस अफसरों से पत्नी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महबूब की शिकायत पर आरोपी सपा के जिला महासचिव ओबेदुल्ला, तिलपनी ग्राम प्रधान सनाउल्ला और हबीबउल्ला (सनाउल्ला के भाई) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी सुभाष चंद यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, आरोपी सपा नेता ओबेदुल्ला का कहना है कि जमीनी विवाद के कारण उसके खिलाफ साजिश के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से गलत हैं।