बहन से अश्लील हरकत करने पर पिता की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यमुनापार के मेजा इलाके में सोमवार दोपहर नशे में अपनी बेटी से अश्लील हरकत करने वाले अधेड़ को उसके बेटे ने ही मार डाला। बहन की चीख सुनकर आए युवक ने गुस्से में पिता के सिर पर वजनी औजार से प्रहार कर दिया। पिता के कत्ल के बाद भाई-बहन ने खुद पुलिस चौकी जाकर घटना की जानकारी दी।
मेजा पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा लिखकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मेजा इलाके में रहने वाले दंपति पहाड़ पर पत्थर तोड़ने का काम करते थे। इसी के सहारे सात बच्चों के साथ उनका गुजारा होता था। पति सुलेमान (नाम बदला है) शराब का लती था। सोमवार को भी दोपहर करीब 12 बजे वह नशे में धुत होकर घर लौटा।
पत्नी मजदूरी करने गई थी। आरोप है कि सुलेमान ने अपनी 19 साल की बेटी शाहिदा (नाम काल्पनिक) से नशे में खींचतान और अश्लील हरकत की। विरोध करने पर उसे थप्पड़ जड़ दिए। शाहिदा की चीख सुनकर वहां पहुंचे उससे साल भर छोटे भाई ने पिता को टोका।
औजार से किया सिर पर वार
मगर नशे में बहके सुलेमान ने उसे भी नहीं बख्शा। इस पर बौखलाए बेटे ने पत्थर तोड़ने के काम आने वाले औजार झुमरा से पिता के सिर पर वार कर दिया। वह चीखते हुए खून से लथपथ होकर गिर गया।
पड़ोसियों को पता चला तो वे सुलेमान को उठाकर अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। खबर मिली तो सुलेमान की पत्नी भी पहाड़ से रोते-कलपते घर पहुंच गई। उधर, शाहिदा ने छोटे भाई के साथ मेजा चौकी जाकर पुलिस को इस घटना के बारे में बताया। पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन और लोगों से बात की। उन दोनों को मेजा थाने ले जाया गया।
इस घटना से पांच बेटों और दो बेटियों समेत सुलेमान की पत्नी पर भारी मुसीबत आ गई है। पति मारा गया और हत्या के जुर्म में बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ऐसे में यह गरीब परिवार अचानक मुश्किल में फंस गया है। मेजा थाने की पुलिस ने बेटे पर गैर इरादतन कत्ल का मुकदमा लिखकर तफ्तीश शुरू की है। मेजा थानाध्यक्ष अनिल राय का कहना है कि पकड़े गए युवक और उसकी बहन के बयान से अश्लील हरकत करने पर कत्ल की बात सामने आई है।