यूपी: शादी के दूसरे दिन फंदे से झूल गया दरोगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा के सगुनापुर गांव में इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) के सब इंस्पेक्टर ने शादी के दूसरे दिन ही जीवन संगिनी के साथ भविष्य के सपने बुनने की जगह मौत को गले लगा लिया।
तड़के बड़े भाई ने छत पर टिनशेड से भाई को फांसी के फंदे पर झूलते देखा तो घर में कोहराम मच गया।
उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। घरवाले आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं कर सके हैं। पुलिस पड़ताल कर रही है।
दुल्हन के कमरे से निकलकर लगाई फांसी
गांव सगुनापुर निवासी ताराचंद के पुत्र दिनेश कुमार शर्मा दिल्ली में इंटेलीजेंस ब्यूरो में तैनात थे। चार भाइयों में सबसे छोटे दिनेश कुमार का चयन 2009-10 में आईबी में बतौर सब इंस्पेक्टर हुआ था। परिवारीजनों ने बताया कि दिनेश की शादी के लिए कई रिश्ते आए, लेकिन वे दोनों बड़े भाइयों की शादी पहले करवाने पर अड़े थे। काफी समझाने पर वह बमुश्किल शादी के लिए तैयार हुए थे।
धनौली के एक मध्यस्थ ने हाथरस की अंजना गौड़ से रिश्ता तय करवाया। 24 मई को धूमधाम से विवाह संपन्न हुआ। 26 को कंगन खुलने की रस्म के बाद महिला संगीत का आयोजन हुआ। इसके बाद दिनेश अपनी दुल्हन के साथ कमरे में चले गए।
सुबह पांच बजे दिनेश कमरे से निकलकर छत पर टिनशेड में चले गए, जहां उन्होंने फांसी लगा ली। दिनेश के बड़े भाई राजवीर छत पर सोए हुए थे। वे उठे तो भाई को फंदे पर लटकता देखा। घर में कोहराम मच गया। दिनेश को परिवारीजन नजीदीकी अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
नहीं पता चल पाया है खुदकुशी का कारण
सूचना पर एसपीआरए बबीता साहू ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने दुल्हन और उसके घरवालों से भी पूछताछ की है। एसपीआरए ने बताया कि आत्महत्या के पीछे कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच की जा रही है।
गांववालों ने बताया कि दिनेश के लिए उसी के साथ नौकरी करने वाली युवती का रिश्ता आया था, लेकिन वे तैयार नहीं हुए। चर्चा है कि हाथरस से रिश्ता तय होने के बाद दिनेश के ससुरालीजनों ने वायदा किया था कि वह उनके दो भाइयों की भी शादी जल्द करवा देंगे। लेकिन शादी के बाद उन्होंने इनकार कर दिया था।
बताते चलें कि दिनेश के बड़े भाई राजवीर विवाहित हैं, जबकि दो अन्य भाई राजेंद्र और अशोक की शादी नहीं हुई है।