यूपी के रतनगढ़ में लाखों की डकैती से हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में बेखौफ बदमाशों ने एक और लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बिजनौर में छह-सात बदमाशों ने बुधवार की रात रतनगढ़ गांव में डाका डाला। बदमाशों ने मकान में सो रहे दंपति को असलहों के बल पर बंधक बनाया और नकदी, कीमती जेवर और घर का सामान लूटकर फरार हो गए।
बदमाशों ने दंपति के साथ मारपीट भी की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। सीओ ने मौके का मुआयना कर घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए।
गांव रतनगढ़ निवासी महेश कुमार का मकान नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर बना है। बुधवार की रात में करीब तीन बजे छह-सात बदमाश दीवार फांदकर मकान में घुसे। कमरे की खिड़की पर लगी जाली तोड़कर अंदर सो रहे महेश, उसकी पत्नी गीता और दो बच्चों को शस्त्रों के बल पर बंधक बना लिया।
विरोध करने पर दंपति से मारपीट भी की
बदमाशों ने दंपति से सेफ और संदूक की चाबी मांगी। दंपति के विरोध करने पर बदमाशों ने पीटकर जबरन चाबी ले ली। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे 24 हजार रुपये, सोने की चूड़ी, गले की चैन, दो अंगूठी, सोने का सेट समेत लाखों रुपये का सामान लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बदमाश शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद दंपति ने शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्र हुए और घटना का पता लगा। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। लेकिन पुलिस घटना होने के तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची। पीड़ित महेश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की।
थानाध्यक्ष रवेंद्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि कर बताया बदमाशों की तलाश की जा रही है। उधर बदमाशों ने पास ही स्थित सेवाधाम डिग्री कॉलेज में भी डकैती डालने का प्रयास किया। चौकीदार देवराज के विरोध करने पर बदमाशों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। चौकीदार के शोर मचाने पर बदमाश फरार हो गए।