एमपी: मंत्री के घर से स्टेट बैंक में लगाई सेंध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के गोहना में बैंक के स्ट्रांग रूम तक सुरंग बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने की घटना के बाद कुछ ऐसे ही अंदाज में एक और बैंक में रॉबरी की कोशिश की गई।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं इसका अंदाजा बैंक हुई सेंधमारी से लगाया जा सकता है। बैंक में लूट के इरादे से घुसे बदमाशों ने पहले राज्य के एक मंत्री के बंगले का ताला तोड़ा और फिर घर के अंदर से बैंक की दीवार में छेद कर डाला।
दीवार तोड़ने के बाद बदमाश बैंक की तिजोरी तक पहुंच तो गए लेकिन उसे तोड़ने में कामयाब नहीं हुए और वापस लौट गए।
बता दें कि बदमाशों ने पहले जवाहर चौक स्थित वनमंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार के खाली पड़े निजी मकान को निशाना बनाया और फिर बैंक में दाखिल होने के लिए घर की दीवार तोड़ दी। बैंक के ब्रांच मैनेजर के अनुसार पूरा कैश सुरक्षित है।
वो दीवार तोड़ते रहे, लोग सोते रहे
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे के आसपास की है। बैंक से मिले सीसीटीवी फुटेज से दो बदमाशों के होने का खुलासा हुआ है। दोनों बदमाश काफी देर तक तिजोरी को तोड़ने की कोशिश करते रहे लेकिन नाकाम रहे।
स्टेट बैंक से सटे मंत्री के बंगले की दीवारों को बदमाशों ने तोड़कर दो छेद बना डाले लेकिन आसपास के लोगों को इसकी भनक भी नहीं लगी। घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अनुमान है कि बदमाश वहां करीब 5 घंटे तक रहे होंगे। बैंक ने सुरक्षा के लिहाज से कोई गार्ड नहीं रखा है। पुलिस को शक है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले जगह की रेकी की है। यही वजह है कि वे इतनी सफाई से पूरी घटना को अंजाम देकर निकल गए।
इनपुट: एचटी