यूपी: गर्भपात न कराने पर प्रेमिका को मार डाला
उसने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं। हर वक्त हर पल साथ निभाने का वादा किया। उसकी परेशानियों को अपना बनाने की बात कही थी। कसमें-वादे ऐसे परवान चढ़े कि दोनों घर से भाग गए। लेकिन 20 दिन बाद जो हुआ उसने सबके रौंगटे खड़े कर दिए।
झाड़ियों में बेटी की लाश मिलने से घरवाले सन्न हैं। मातम पसरा है। वारदात के पीछे जो बात निकल कर आई, उसने प्यार के रिश्ते को तार-तार किया।
आरोपी ने पुलिस के सामने कबूला कि प्रेमिका ने गर्भपात कराने से मना कर दिया था, इसलिए मार दिया।
वारदात की पूरी कहानी ये है कि यूपी के चित्रकूट के बरगढ़ में प्रेमिका ने गर्भपात कराने से मना किया तो प्रेमी ने पत्थर से कुचलकर उसे मार डाला और शव जंगल में छिपा दिया।
घटना बरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को परानूबाबा आश्रम के पीछे जंगल से शव बरामद किया।
बरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की 19 वर्षीय युवती का गांव के ही संदीप पटेल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेमिका के गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर संदीप ने उससे घर से भागकर विवाह करने का वादा किया।
आरोपी ने कबूला जुर्म, पिता की तहरीर पर मामला दर्ज
6 फरवरी को दोनों घर से भाग गए। युवती के पिता ने खोजबीन की। सुराग न लगने पर 25 फरवरी को थाने में संदीप के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शुक्रवार रात गांव के बाहर से संदीप को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष संतशरण के मुताबिक पूछताछ में संदीप ने कबूल किया कि प्रेमिका से गर्भपात कराने को कहा था लेकिन उसने मना कर दिया। 7 फरवरी की रात दोनों परानूबाबा आश्रम के पीछे बैठे थे। तभी गर्भपात को लेकर फिर कहासुनी हुई और उसने वहीं उसकी हत्या कर शव झाड़ियों में छिपा दिया।
उसकी निशानदेही पर शनिवार सुबह जंगल से शव बरामद किया गया। परिजनों ने युवती की शिनाख्त की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म, अपहरण और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया है।