हैवान बना बाप, बेटी से किया दुष्कर्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के जिला अलीगढ़ में मानवता को शर्मशार करने वाली एक और घटना सामने आई है। शहर के जीवनगढ़ इलाके में एक बाप ने अपनी ही बेटी से दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी गई। कुछ महीने पहले हुई इस घटना को घर की इज्जत का हवाला देते हुए दबा दिया गया।
लेकिन जब कुछ दिन पहले बाप ने फिर से वही हरकत करने की कोशिश की तो बेटी और मां ने शोर मचा दिया जिससे लोग जाग गए। इसके बाद मां और बेटी एसएसपी से मिलने पहुंची और पूरा मामला प्रकाश में आया। एसएसपी ने तत्काल मामले में डॉक्टरी परीक्षण कराने के निर्देश दिए। इस निर्देश के बाद मामले में पुलिस कार्यवाही शुरू हो गई है।
करीब 16 वर्षीय किशोरी के अनुसार एक दिन इसी साल माह मार्च में उसके पिता ने उसे घर में ही रोक लिया और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में उस समय विरोध हुआ। मगर बात समाज में न फैले, इस गरज से चुप्पी साध ली गई। इसके बाद अक्सर बीच-बीच में अश्लील हरकतें चलती रहीं।
किशोरी ने बताई दिल दहलाने वाली दास्तान
अब दो दिन पहले वह घर के छत वाले हिस्से में थी, तभी पिता ने मां को नीचे के हिस्से में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध पर वह चीखी और मां ने नीचे से शोर मचाया तो पिता ने साफ कह दिया कि वह मां को मार देगा।
बाद में बमुश्किल उसने खुद को बचाया। इस शिकायत पर तत्काल जांच आदि कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। क्वारसी पुलिस किशोरी को डॉक्टरी के लिए ले गई और मुकदमे आदि की तैयारी शुरू कर दी।
इसी तरह का एक और मामला हरियाणा के रेवाड़ी से है। यहां सदर थाना क्षेत्र में एक पिता द्वारा अपनी नाबालिग बेटी से दुष्कर्म की कोशिश का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है।
सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में धर्मेंद्र अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी के साथ रहता था। धर्मेंद्र की पत्नी का आरोप है कि बीती 26 अगस्त की रात 10 बजे बेटी घर में कमरे के अंदर तथा वह कमरे के बाहर सो रही थी।
पिता ने की घिनौनी हरकत, गिरफ्तार
इस बीच उसके पति ने 14 वर्षीय नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने की कोशिश की। बेटी के रोने और चीखने की आवाज सुनकर वह कमरे में दाखिल हुई तो पति को बेटी के साथ दुष्कर्म की कोशिश करते देखा।
घटना का विरोध करने पर पति ने पहले तो दोनों को पीटा और इसके बाद घटना के बारे में किसी से भी जिक्र करने पर दोनों को जान से मारने की धमकी दी और घर से चला गया। अगले दिन महिला बेटी के साथ सदर थाने पहुंची और घटना की जानकारी दी।
मामले की जांच कर रही एसआई हीरामनी ने बताया कि पीड़ित किशोरी के बयान और मां की शिकायत पर आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ मारपीट करने, दुष्कर्म का प्रयास और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम को आरोपी धर्मेंद्र को गांव के ही पास से गिरफ्तार किया गया है।
मामले की जांचकर्ता और गांव वालों के अनुसार नाबालिग बेटी के साथ ज्यादती का प्रयास करने वाला आरोपी धर्मेंद्र पेशे से मजदूर है। वह देसी शराब के साथ ही अन्य नशे का भी आदी है। पीड़ित के बयान के अनुसार बीती मंगलवार रात को भी घटना के समय आरोपी नशे में धुत था।