नशीली गोलियां खिला छात्रा से किया रेप!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक छात्रा को उसके कथित प्रेमी ने रातभर मेरठ के गंगानगर स्थित मकान पर रखा। शुक्रवार दोपहर उसे बदहवास हालत में असहाय सड़क पर छोड़कर चला गया। छात्रा ने बताया उसे नशीली गोलियां खिलाई गईं। आशंका है कि छात्रा से दुष्कर्म भी हुआ, मगर परिजनों ने कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया।
छात्रा करीब एक बजे मवाना रोड पर डेयरी फार्म के पास पड़ी मिली। राहगीरों की मदद से छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पहले तो छात्रा ने यही बताया कि वह इंटर की परीक्षा देने जा रही थी और चक्कर खाकर गिर गई।
गहनता से पूछताछ में छात्रा ने पूरी कहानी खोल दी।
'चुनाव जीतने पर करूंगा शादी'
छात्रा ने बताया कि मवाना के युवक से उसका दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। बृहस्पतिवार शाम वह घर से नोएडा जाने के लिए निकली थी। प्रेमी उसे गंगानगर स्थित अपने घर ले गया। वहां उसने नशीली गोलियां खिला दीं, जिस कारण वह बेहोश हो गई। इसके बाद क्या हुआ, कुछ पता नहीं।
सुबह युवक ही उसे मवाना रोड पर छोड़कर चला गया। छात्रा के मोबाइल फोन में मिले नंबरों से संपर्क करके पुलिस और अस्पताल स्टाफ ने उसके परिजनों को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद छात्रा की मां भी अस्पताल पहुंची।
पीड़ित छात्रा के अनुसार युवक दो साल से शादी का झांसा दे रहा था। वह छात्रा से कहता था कि जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लडूंगा और जीतने के बाद शादी करूंगा। छात्रा के पास मौजूद मोबाइल में युवक का फोटो, नशीली गोलियों की स्ट्रिप के फोटो समेत नैनीताल, लखनऊ तथा कई पर्यटन स्थलों पर खींची गईं तस्वीरें भी हैं।
घर तक एंट्री तो फिर कैसी परदादारी
युवक खुद को राजनीतिक बताता है। लड़की के घर तक उसका आना जाना है। वह रहने वाला मवाना का है, मगर गंगानगर में भी उसका मकान है। पुलिस की मानें, तो बृहस्पतिवार शाम छात्रा को गंगानगर स्थित मकान में युवक के पिता ने भी देख लिया। तब युवक ने कहा कि तुम यहां से चली जाओ।
इंस्पेक्टर सिविल लाइन ने बताया कि छात्रा जिद पर अड़ गई कि पिता के सामने लाने से क्यों डर रहे हो। सवाल है कि शादी का वादा करने वाला युवक लड़की को परिजनों के सामने आने से क्यों रोक रहा था। या वह सिर्फ लड़की को गुमराह करके उसका शोषण कर रहा था।
मेरठ, दिल्ली के होटल में लेकर गया
छात्रा मूलरूप से परीक्षितगढ़ क्षेत्र के एक गांव की है। उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है। छात्रा की पहली मुलाकात युवक से मेरठ स्थित एक होटल में हुई। इसके बाद युवक उसे दिल्ली, नोएडा और लखनऊ भी लेकर गया। वहां भी छात्रा को होटल में ठहराकर रखा गया। ये बातें खुद छात्रा ने बताई। वहीं, छात्रा को बृहस्पतिवार रात जब गंगानगर स्थित मकान में रखा, तो युवक के कुछ दोस्त भी वहां मौजूद थे।
बदनामी के डर से बदलती रही बयान
अस्पताल ले जाने के दौरान छात्रा कहती रही कि मेरे परिवार वालों को सूचना मत देना, बदनामी हो जाएगी। बदनामी के डर में ही उसने कई बार बयान बदले। पहले बताया कि मैं परीक्षा देने जा रही थी और चक्कर खाकर गिर गई। फैंटम सिपाहियों को बताया कि ट्रक ने टक्कर मार दी।
फिर बोली, मैं बृहस्पतिवार रात नोएडा कहकर घर से निकली थी। मवाना रोड पर युवक द्वारा छोड़कर जाना बताया, मगर दोपहर बाद कह दिया कि मैं खुद गंगानगर से पैदल यहां तक पहुंची। वह यह भी कहती रही कि मेरी बदनामी तो नहीं होगी।
इंस्पेक्टर सिविल लाइन अजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि लड़की बदहवास हालत में मिली थी। प्राथमिक उपचार के बाद लड़की को उसकी मां अपने साथ ले गई। युवक को लड़की के परिजन जानते हैं। फिलहाल लड़की या उसकी मां ने तहरीर नहीं दी। दुष्कर्म के बारे में भी लड़की ने नहीं बताया, यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई होगी।