राजनाथ सिंह के रिश्तेदार की सरेआम हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्तेदार और पेट्रोल पंप मालिक अरविंद सिंह की मंगलवार की शाम फूलपुर के मखसूदनपट्टी में गोली मार कर हत्या कर दी गई। वह अपने दोस्त की पत्नी को एयरपोर्ट छोड़ कर कार से घर लौट रहे थे।
अनेई स्थित घर से 200 मीटर पहले बाइक सवार तीन युवकों ने उनको रोका और बातचीत करने लगे। इसी बीच उनमें से एक ने गोली चला दी। गोली उनकी गर्दन में लगी और मौके पर ही मौत हो गई।
गोली की आवाज सुनकर गेहूं काट कर रही महिलाओं के शोर मचाना शुरू किया तो बदमाश भाग निकले। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। करीबियों पर शक जताया जा रहा है।
हाथ देकर रोका, गर्दन पर सटाकर मारी गोली
बड़ागांव थाना क्षेत्र के अनेई निवासी अरविंद सिंह का बाबतपुर में पेट्रोल पंप है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह के साढ़ू गुरु नारायन सिंह के भांजे अरविंद सिंह शाम करीब चार बजे नियार निवासी दोस्त शोभनाथ की पत्नी को छोड़ने बाबतपुर एयरपोर्ट गए थे।
स्विफ्ट कार से लौटते समय शाम करीब साढ़े छह बजे मखसूदनपट्टी में बाइक सवार तीन युवकों ने हाथ देकर रोक लिया। एक युवक अरविंद से बात करने लगा तो दूसरा कार का गेट खोलकर बगल की सीट पर बैठ गया। करीब पांच मिनट बाद ही एक ने गर्दन पर सटाकर गोली मार दी।
गेहूं काटकर लौट रहीं महिलाओं के शोर मचाने पर हमलावर कुआर-नसईपुर की ओर भाग निकले। सूचना के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। एसपी ग्रामीण डॉ. अनिल कुमार पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
आखिर कौन थे हमलावर?
मौके से .32 बोर का एक खोखा बरामद किया गया। हमलावर कौन थे और उन्होंने गोली क्यों मारी इस बाबत कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है।
एसपी ग्रामीण का कहना है कि जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया उससे लगता है कि किसी जानने वाले ने ही कार रुकवाई थी। बातचीत के दौरान गोली मारी गई।
परिवार के लोगों ने फिलहाल किसी पर कोई शक नहीं जताया है। हमलावरों का उद्देश्य लूट नहीं बल्कि हत्या करना ही था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।