अवैध वेंडरों ने डाला था पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में डाका!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में डकैती डालने वालों में अवैध वेंडर शामिल थे। जीआरपी ने शहादरा और आनंद विहार में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर दबिशें दीं।
शक के आधार पर कई वेंडरों को पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ा। पुलिस इस घटना के खुलासे में पुरजोर से जुटी है। बदमाशों को तलाशने के लिए सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है।
इंस्पेक्टर जीआरपी एके मिश्रा ने बताया कि पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में हुई डकैती के बाद यात्रियों से इस घटना के बारे में पूरी जानकारी ली।
सर्विलांस के जरिए भी तलाशे जा रहे हैं बदमाश
जिस तरह से बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद साहिबाबाद के निकट ट्रेन से कूदकर भागे थे।
इससे स्पष्ट हो रहा है कि बदमाश या तो अवैध वेंडर थे या फिर वह चलती ट्रेन से उतरने में पूरी तरह से ट्रेंड थे।
ट्रेनों में चलने वाले अवैध वेंडरों को खंगाला जा रहा है। उधर, गाजियाबाद के इंस्पेक्टर जीआरपी अशोक राना ने भी संभावना जताई कि डाका डालने वाले अवैध वेंडर हो सकते हैं।
बदमाशों की तलाश में आनंद विहार, शहादरा, सेंदपुर, दिल्ली, गाजियाबाद, साहिबाबाद रेलवे स्टेशन के आसपास दबिश दी जा रही है।
कई वेंडरों को पूछताछ के बाद जीआरपी ने छोड़ा
उन्होंने बताया कि डाका के दौरान बदमाश तीन यात्रियों का सेलफोन भी लूट कर ले गए थे। उन सेलफोनों के नंबर सर्विलांस टीम को दिए जा चुके हैं।
तीनों में से एक भी सेलफोन चला तो बदमाशों को आसानी से पकड़ा जा सकता है। उधर, इंस्पेक्टर गाजियाबाद ने एडीजी रेलवे को मिर्जापुर के स्क्वायड के बारे में पूरी जानकारी दे दी है।
बता दें कि बुधवार रात 11.30 बजे पुरुषोत्तम एक्सप्रेस दिल्ली से पुरी के लिए चली थी। ट्रेन के कोच नंबर बी-4 एसी में आध दर्जन बदमाशों ने धावा बोलते हुए करीब 40 यात्रियों से 6 लाख से अधिक की लूटपाट की थी।
घटना के बाद बदमाश साहिबाबाद क्षेत्र में ट्रेन से कूद कर फरार हो गए। इस घटना में बदमाशों ने कोच अटेंडेंट अंकुल चंद्रसेन और यात्री नंद किशोर निवासी मिर्जापुर के साथ मारपीट की थी।
गुवाहाटी एक्सप्रेस में फौजियों का उत्पात
अवध-आसाम गुवाहाटी एक्सप्रेस में शुक्रवार को फौजियों ने जमकर उत्पात मचाया। जनरल बोगी में बैठे यात्रियों की बेल्टों से पिटाई कर दी।
उन्हें चलती ट्रेन से धकेलने का प्रयास भी किया गया। इस कारण ट्रेन भिटौरा में घंटे भर तक खड़ी रही। ट्रेन के जंक्शन पर पहुंचने पर जवान स्टेशन मास्टर और पुलिस वालों से भी भिड़ गए।
हंगामा बढ़ने पर सेना की एमसीओ बुला ली गई। दिल्ली से आ रही 5610 डाउन गुवाहाटी एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सवार सेना के 40-50 जवानों ने मुरादाबाद में यात्रियों को नहीं चढ़ने दिया।
धक्का-मुक्की के बीच जैसे-तैसे कुछ यात्री कोच में चढ़े तो फौजियों ने मारपीट शुरू कर दी। रामपुर में यात्रियों को उतारने की कोशिश की गई।
सेना मुख्यालय से एमओसी बुलाया
भिटौरा के पास ब्लॉक लगा होने पर गाड़ी खड़ी होने पर फौजी फिर आपा खो बैठे। उन्होंने फिर मारपीट कर धक्का-मुक्की कर दी।
विरोध करने पर लखनऊ के आलमबाग निवासी मनोज शर्मा और शाहजहांपुर गोविंदनगर के सुरेश वर्मा की बेल्टों से पिटाई कर दी।
बोगी में चीख पुकार मच गई। गार्ड एएच खान ने कंट्रोल को सूचना दी तो सिविल पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ को प्लेटफार्म पर अलर्ट कर दिया गया।
ट्रेन के जंक्शन पर पहुंचते ही पुलिस फोर्स ने बोगी को घेर लिया। समझाने पर फौजी वरिष्ठ स्टेशन मास्टर एससी शर्मा और पुलिस कर्मियों से ही भिड़ गए। हालात बेकाबू होते देख सेना मुख्यालय से एमओसी बुला ली।