{"_id":"f75e71eb5c7d5280f62bdf7eed0b4b9f","slug":"property-dealer-killed-in-meerut-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से भूना","category":{"title":"Crime Archives","title_hn":"क्राइम आर्काइव","slug":"crime-archives"}}
बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से भूना
ब्यूरो/ अमर उजाला, मेरठ
Updated Mon, 08 Feb 2016 01:03 PM IST
विज्ञापन
यूपी के मेरठ के शास्त्रीनगर सेक्टर-9 में रविवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर और बागपत के पूर्व प्रधान की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। हमलावरों को गोली बरसाता देखकर दूसरा प्रॉपर्टी डीलर बाइक छोड़कर भाग निकला। सीओ सिविल लाइन और इंस्पेक्टर नौचंदी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
विज्ञापन
पुलिस प्रॉपर्टी के विवाद में हत्या होना बता रही है। इंस्पेक्टर नौचंदी के अनुसार प्रॉपर्टी डीलर हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। वह फिलहाल हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर था।
विज्ञापन
बागपत के बालैनी थाना क्षेत्र दौलतपुर गांव का रहने वाला 50 वर्षीय अहसान करीब डेढ़ दशक पूर्व गांव का प्रधान रहा था। इस समय वह अपने परिवार के साथ दिल्ली के मंडावली में रह रहा था।
विज्ञापन
अहसान का नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-9 निवासी इरफान उर्फ सोनू के घर पर पिछले दो साल से आना जाना था। दोनों कोतवाली के शाहपीर गेट निवासी शाहीन के साथ प्रॉपर्टी का काम करते थे। 5 फरवरी को अहसान शास्त्रीनगर में अपने दोस्त इरफान के घर आया था।
रविवार शाम करीब पांच बजे अहसान बाइक से इरफान के साथ रिश्तेदार के अस्पताल जा रहा था। इरफान बाइक चला रहा था और अहसान पीछे बैठा था। शास्त्रीनगर सेक्टर-9 में सामने से आए बाइक सवार तीन युवकों ने हाथ देकर बाइक रुकवा ली।
इसके बाद उन्होंने अहसान की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। इस बीच इरफान भाग निकला और अहसान खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।
इसके बाद हमलावरों ने अहसान को कई गोली मारी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। मृतक के साथी इरफान ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद सीओ सिविल लाइन बीएस वीर कुमार, इंस्पेक्टर नौचंदी हरसरण शर्मा मौके पर पहुंचे और अहसान को पास के निजी अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर नौचंदी ने बताया तहरीर के आधार पर शाहीन पुत्र मजहर निवासी शाहपीर गेट और दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अहसान पर भी बागपत समेत कई स्थानों पर हत्या समेत आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।