नेपाली महिलाओं से रेप मामला: पीड़िता की बहू चलाती थी 'रैकेट'
सऊदी राजनायिक के घर नेपाली महिलाओं से गैंगरेप करने के मामले में नेपाल पुलिस ने मानव तस्करी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक रेप पीड़िता की बहू है।
सऊदी राजयनायिक के घर से मुक्त कराई रेप पीड़िता की बहू कल्पना कथित तौर पर मानव तस्करी का रैकेट चलाती थी। कहा जा रहा है कल्पना नेपाल की महिलाओं को कोठियों में काम दिलाने के बहाने भारतीय एजेंटों को बेच देती थी।
मानव तस्करी में गिरफ्तार हुए दोनों लोगों में से एक की पहचान कल्पना परियार और दूसरे की पहचान जीत बहादुर दार्जी के रूप में हुई है। परियार मोरांग जिले की रहने वाली बताई गई है जबकि उसका साथी बहादुर दार्जी बांगलुंग जिले का रहने वाला है।
कल्पना ने ही अपनी सास को बेचा था!
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, कल्पना ने जीत बहादुर के साथ मिलकर अपनी सास को भारतीय एजेंटों को अच्छी नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेच दिया था। इसके बाद भारतीय एजेंटों ने दोनों नेपाली रेप पीड़िताओं को सउदी राजनयिक को घरेलू नौकर बनाने के लिए बेच दिया था।
सउदी राजनायिक मजिद हसन अशूर ने कथित तौर से गुड़गांव के अपने आवास में खरीदी गई महिलाओं से को कैद कर रखा था और अपने दोस्तों व मेहमानों से उनका बलात्कार कराता था।
गौरतलब है कि एक एनजीओ की शिकायत के बाद गुड़गांव पुलिस ने इन राजनायिक के घर छापा मारकर 7 सितंबर को दोनों पीड़िताओं को मुक्त कराया था।