प्रेमिका के चक्कर में रुकवा दी फ्लाइट, निकला बीवी का कातिल
बेंगलुरु में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसने शनिवार सुबह दिल्ली और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर फोन करके उनकी फ्लाइट्स पर खतरा मंडराने की बात कही थी।
पहले तो व्यक्ति ने बेंगलुरु एयरपोर्ट पर फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने की वजह से उसने फिर दिल्ली एयरपोर्ट पर फोन किया और उनकी 3 फ्लाइट्स पर खतरा होने की बात कही।
इसके बाद बेंगलुरु एयरपोर्ट को वाट्सऐप पर मैसेज करके कहा कि उनकी 3 फ्लाइट्स पर खतरा है। हालांकि, जांच के बाद पता चला कि उस व्यक्ति के दावों में कई दम नहीं है।
फ्लाइट्स पर खतरे की बात के कई फ्लाइट कैंसिल करनी पड़ीं, जिसकी वजह से एयरपोर्ट अथॉरिटी को करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
प्रेमिका के चक्कर में रुकवाई फ्लाइट
जब छानबीन की गई तो पता चला कि धमकी देने वाले इस शख्स का नाम एमजी गोकुल है। इस व्यक्ति का अफेयर एक अन्य शादीशुदा महिला के साथ है और इसने कुछ समय पहले अपनी पत्नी की हत्या की है।
गोकुल ने उस शादीशुदा महिला के पति का पासपोर्ट चुराया और उसके पति के नाम पर ही एक सिम कार्ड लिया। पहले गोकुल ने महिला के पति के नाम से फेसबुक पेज भी बनाया था और उसे आईएसआईएस का फॉलोअर दिखाया, ताकि साइबर सेल पुलिस का ध्यान उसकी ओर जा सके।
ऐसा न होने पर उसने महिला के पति के नाम से ली गई सिम के जरिए एयरपोर्ट पर फोन करके फ्लाइट्स पर खतरा होने की अफवाह फैलाई।