नर्स ने नवजात की अंगुली काटकर कूड़ेदान में फेंकी
पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के सरकारी अस्पताल में एक नर्स ने कथित रूप से एक नवजात शिशु की अंगुली ही काट दी। यह घटना रविवार रात की है। अस्पताल प्रशासन ने नर्स के खिलाफ जांच की बात कही है।
स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सूत्रों ने बताया कि बालूरघाट के दासू इलाके की एक महिला प्रसव के बाद पैदा हुई जटिलता की वजह से अपने आठ दिन के शिशु के साथ अस्पताल में दाखिल हुई थी।
मैटरनिटी वार्ड की एक नर्स उस महिला की देखभाल कर रही थी। सूत्रों के मुताबिक, पट्टी बांधते समय जल्दबाजी में कैंची से नवजात की एक अंगुली कट गई।
गलती छुपाने को कूड़ेदान में फेंक दी उंगली
अपनी गलती छिपाने के लिए उस नर्स ने कथित रूप से कटी हुई अंगुली को एक टिश्यू पेपर में लपेट कर कूड़ेदान में फेंक दिया लेकिन नवजात के पिता ने उसे ऐसा करते देख लिया।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. तपन विश्वास ने सोमवार को बताया कि नर्स के खिलाफ लगे आरोपों की जांच हो रही है। दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बच्चे को बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी स्थित उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।