सास को पीटने वाली बहू बोली, ससुर बनाना चाहता था संबंध
नहटौर के मोहल्ला सब्जी मंडी में एक बहू ने अपनी सास को बुरी तरह पीटा और सास का गला घोंटने की कोशिश की। इतना ही नहीं बहू ने सास की कमर व सिर में जान लेने के लिए वजनी चीज से भी प्रहार किया। सारा वाक्या घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
सास को पीटने की वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और सास पर जानलेवा हमले करने के आरोप में बहू का चालान कर दिया। पुलिस ने आरोपी महिला का जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद उसे एसीजेएम कोर्ट में पेश किया। एसीजेएम चंचल ने महिला को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
मोहल्ला सब्जी मंडी निवासी संदीप जैन की शादी छह वर्ष पूर्व धामपुर के मोहल्ला गुजरातियान निवासी संगीता जैन से हुई थी। संदीप ने पहली पत्नी को तलाक देकर संगीता से दूसरी शादी की थी। संगीता का कोई बच्चा नहीं है।
चार जनवरी 2016 को संगीता जैन ने ससुरालवालों पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर पति संदीप जैन व नौकर रमेश के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने पति व नौकर का शांतिभंग में चालान कर दिया।
ससुराल वालों पर केस दर्ज
11 जनवरी को संगीता जैन के सास राजरानी को जान से मारने के इरादे से मारपीट करने और गला घोटने का वीडियो वायरल होते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई और घर पहुंची।
संदीप जैन ने पुलिस को तहरीर में बताया कि जिस दिन पुलिस ने उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई में चालान किया, उसी दिन संगीता ने उनकी मां राजरानी जैन को जान से मारने के इरादे से उसके साथ मारपीट कर गला घोंटने का प्रयास किया। राजरानी अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने उसका मेडिकल भी कराया पर कोई कार्रवाई नहीं की।
वीडियो वायरल होने के बाद नहटौर थाने में संगीता जैन के खिलाफ धारा 307 में रिपोर्ट दर्ज कराकर उसका चालान कर दिया। संगीता को बिजनौर के महिला थाने भेज दिया। मंगलवार को जिला अस्पताल में उसका चालान करने के बाद पुलिस ने संगीता जैन को एसीजेएम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने महिला को जेल भेज दिया है।
ऐसे लेनी चाही सास की जान
संगीता जैन की सास राजरानी को पीटने के मामले में वायरल हुई वीडियो में साफ है कि संगीता अपनी सास की जान लेना चाहती थी। संगीता ने सास को कमरे में अकेला पाकर उस पर हमला बोल दिया। कपड़े से सास का गला घोटने की कोशिश की।
सास ने रजाई में अपना गला छिपा लिया। संगीता ने जब देख कि सास का गला नहीं घोटा जा रहा तो वह कोई वजनी चीज उठाकर पहले सास की कमर व बाद में सिर पर वजनी चीज से प्रहार किया। सास के हाथ पकड़ने पर संगीता अपने मकसद में कामयाब नहीं हुई।
सूत्रों के मुताबिक संगीता ने एक दिन डंडे से पति की भी पिटाई की थी। पति को डर था कि संगीता किसी मामले में उन्हें न फंसा दे। इसलिए उसने संगीता के कमरे को छोड़कर घर में चुपचाप वीडियो कैमरे लगवाए थे।
ससुर बनाना चाहता था अवैध संबंध
संगीता के कोई संतान नहीं है। संगीता का आरोप है कि ससुर उससे अवैध संबंध बनाना चाहता था। इस काम में सास भी ससुर का साथ दे रही थी।
विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और उसे प्रताड़ित किया जाता था। घर में उसके कमरे को छोड़कर सभी जगह पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे।
उसके कमरे में भी कैमरे होते तो सबको हकीकत का पता चल जाता। संगीता ने इस बात की कई बार पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने केवल शांतिभंग की कार्रवाई करके मामले को निपटा दिया।
दोबारा मेडिकल कराना चाहती थी पुलिस
संगीता के सास को पीटने के मामले में पुलिस सोमवार की रात सास राजरानी जैन का दोबारा मेडिकल कराने के लिए अस्पताल पहुंची। चिकित्सकों ने सात दिन पूर्व की घटना में दोबारा से मेडिकल करने से इंकार कर दिया।
इस बात पर पुलिस व चिकित्सकों के बीच नोकझोंक भी हुई। सीएचसी प्रभारी जीबी कटारिया का कहना है कि मारपीट का मेडिकल पहले ही चुका था। दोबारा से मेडिकल बनाने का दबाव बनाया जा रहा था।
संदीप जैन घर के बाहर ही कपड़े की दुकान करते हैं। दुकान में सीसीटीवी कमरे नहीं लगे हुए हैं, जबकि उसने घर में संगीता के कमरे को छोड़कर कैमरे लगा रखे हैं।
संगीता जैन पोस्ट ग्रेजुएट है। उसने शादी से पूर्व एक डिग्री कॉलेज में पढ़ाया भी है। घर की माली हालत कमजोर होने पर परिजनों ने उसकी शादी संदीप जैन से कर दी थी।