मेरठ: सगे भतीजे ने बीच सड़क की हैवानियत
मेरठ में कंकरखेड़ा थाने से चंद कदम की दूरी पर प्रधान और उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात को प्रधान के सगे भतीजे ने दो शातिर बदमाशों के साथ अंजाम दिया।
दंपति अपने पोते और पोती को कार से स्कूल में छोड़कर निकल रहे थे। देर शाम पुलिस फोर्स की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले में पुलिस ने एक नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सरूरपुर थानाक्षेत्र के मोती रामपुर गांव निवासी सत्येंद्र सिंह (55) पुत्र प्रीतम सिंह अपने परिवार के साथ कंकरखेड़ा स्थित शास्त्री कॉलोनी में रहते थे। सत्येंद्र सिंह रामपुर गांव के प्रधान और सीनियर अधिवक्ता भी थे। उनकी पत्नी चंद्रकांता (52) दरोगा पद से रिटायर हुई थीं।
आंखों के सामने हुई पति की हत्या
बृहस्पतिवार सुबह 9:45 बजे दंपति अपने पोते-पोती को सेंट फ्रांसिस स्कूल में छोड़ने गए थे। स्कूल से करीब 100 मीटर की दूरी पर कंकरखेड़ा थाना है। सत्येंद्र बच्चों को छोड़कर कार में बैठने वाले थे, तभी स्कूल के बाहर बाइक सवार तीन युवकों ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।
सिर में गोली लगने से वे सड़क पर गिर गए। सरेआम पति की हत्या देखकर कार में बैठी चंद्रकांता ने शोर मचाया तो हमलावरों ने कार का शीशा तोड़कर उन्हें भी गोली मार दी। गोली चंद्रकांता के पेट में लगी।
वारदात के दौरान मौके पर सैकड़ों लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी हमलावरों का विरोध करने का साहस नहीं जुटा सका। मौके पर पहुंची पुलिस ने चंद्रकांता को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई।
मौत से पहले दिया बयान
पुलिस के मुताबिक, चंद्रकांता ने मौत से पहले बताया था कि हमलावरों में अरुण उर्फ पिंटू भी शामिल था, जो सत्येंद्र का सगा भतीजा है। उसके और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
दंपति के मर्डर की सूचना पर एसएसपी ओंकार सिंह, एसपी सिटी ओमप्रकाश और सीओ दौराला बृजेश कुमार मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी ने बताया कि गांव के मकान में बंटवारे के दौरान दीवार करने पर प्रधान का अपने बड़े भाई राजेंद्र से विवाद था।
इसे लेकर राजेंद्र के बेटे अरुण उर्फ पिंटू ने हत्या का ऐलान कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में राजेंद्र भी शामिल है। हत्या का पता लगते ही ग्रामीणों का तांता लग गया। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम गांव में दंपति का अंतिम संस्कार किया गया।