खून से सनी कार का क्या है राज?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा से अपने घर निरोजपुर लौटते समय शनिवार रात एक प्रॉपर्टी डीलर रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। रविवार सुबह प्रॉपर्टी डीलर की खून से सनी कार पुलिस चौकी के पास मिली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
परिजनों को होश उड़े हैं। पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर आसपास के जंगल में कांबिंग की। कुछ दूरी पर झाड़ियों में प्रॉपर्टी डीलर की शर्ट मिली। पुलिस जांच मोबाइल पर टिकी है। परिजन की सांस अटकी है।
निरोजपुर निवासी प्रदीप कुमार नोएडा में प्रॉपर्टी डीलिंग करते हैं। वह अपनी बुआ कमलेश के पास गांव थापखेड़ी में रहते हैं। शनिवार शाम वह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से घर आ रहे थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे।
सुबह छह बजे कार निवाड़ा चौकी के पास राज पंजाबी ढाबे के पास खड़ी मिली। ढाबा पर रहने वाले लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने जांच की तो कार में पांच-छह बीयर की बोतल मिली। कार अंदर से खून से सनी थी।
कार में मिले कागजों से पता चला कि वह प्रदीप की है। पुलिस ने फोन से परिजनों को सूचना दी। गांव के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस और परिजनों ने मिलकर तलाश की तो चौकी से करीब 50 मीटर दूर झाड़ी में प्रदीप की शर्ट झाड़ियों में मिली।
मिस्ट्री बनी प्रदीप की मौजूदगी
पुलिस तलाश में लगी है। फिंगर प्रिंट की टीम ने पहुंचकर कार से नमूने लिए। प्रदीप के भाई कुलदीप ने बताया कि शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे प्रदीप से मोबाइल पर बात हुई थी। बताया था कि वह गाजियाबाद से चल दिया है, एक घंटे में घर पहुंच जाएगा।
साढ़े सात बजे दोबारा बात हुई तो खुद को लोनी में बताया। मोबाइल नहीं मिला। प्रदीप की एक साल पहले शादी हुई थी। पिता महावीर सिंह डीडीए में नौकरी करते हैं।
पुलिस की जांच प्रदीप की मोबाइल पर टिकी है। पता किया जा रहा है कि घटना के दौरान मोबाइल की लोकेशन कहां-कहां रही। आखिरी बार किससे बात हुई। कार के अंदर मिली बीयर की बोतल से पता चलता है कि कार में और भी लोग सवार थे।
सवाल है वह कौन थे? अनजान तो नहीं हो सकते। भला उनको प्रदीप कार में क्यों बैठाता? कार में मौजूद अन्य लोगों ने ही प्रदीप को गायब किया है। पुलिस को शक है कि पहले बीयर पी गई। नशे के बाद प्रदीप को गायब किया गया।
शर्ट झाड़ी में मिलना गायब करने वालों की साजिश का हिस्सा हो सकता है। ऐसे भी हो सकता है प्रदीप ने भागने की कोशिश की हो और छीना झपटी में शर्ट फटकर रह गई हो। एएसपी विद्या सागर मिश्र का कहना है कि प्रदीप की तलाश की जा रही है। उसका मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिया है।