मुंबई पुलिस ने बताया, कब और कैसे की गई शीना बोरा की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शीना बोरा की हत्या के मामले में मुंबई के कमिश्नर राकेश मारिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए कुछ बातें बताई हैं। उन्होंने बताया कि अब तक इस केस में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इन आरोपियों में स्टार इंडिया के पूर्व सीईओ पीटर मुखर्जी की पत्नी इंद्राणी मुखर्जी, इंद्राणी के पूर्व पति संजीव खन्ना और ड्राइवर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ड्राइवर ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि पहले शीना बोरा की हत्या चलती कार में गला घोंटकर की गई थी और उसके बाद उसके शव को पेट्रोल डालकर जलाया गया था। आपको बता दें कि ड्राइवर ने पूछताछ में लोनावला में किसी जली हुई लाश को दफनाए जाने की जानकारी दी थी।
कार में हत्या के बाद लाश समेत कार घर ले जाई गई थी और वहां रात भर गैराज में खड़ी रही। अगली सुबह लाश को रायगढ़ के जंगल में ले जाकर पेट्रोल डालकर जलाया गया था। इसके बाद लाश को एक गढ्ढा खोदकर दफना दिया गया था।
बताया कब हुई थी हत्या
मुंबई कमिश्नर राकेश मारिया ने कहा कि शीना बोरा की हत्या 24 अप्रैल 2012 को मुंबई में हुई थी। हालांकि, अभी इस बात का खुलासा नहीं हो सका है कि हत्या की वजह क्या थी। वजह पता करने के लिए पुलिस जांच जारी है।
ड्राइवर ने उस जगह का भी खुलासा किया है, जहां पर यह हत्या हुई थी। ड्राइवर पुलिस को उस जगह पर लेकर भी गया और अपना जुर्म कुबूल किया।
23 मई 2012 को इंद्राणी की बेटी शीना बोरा का शव रायगढ़ से बरामद हुआ था। वह मुंबई में रहती थी और अचानक गायब हो गई थी। फिलहाल इस मामले में खुलासा हुआ है कि शीना बोरा की हत्या उसकी मां इंद्राणी ने ही की थी।
इंद्राणी मुखर्जी ने पुलिस को बताया है कि शीना उसकी बहन नहीं बल्कि उसकी बेटी थी। वहीं इंद्राणी मुखर्जी के बेटे मिखाइल बोरा ने भी कहा है कि शीना उसकी मौसी नहीं बल्कि बहन थी। इस मामले में इंद्राणी को 31 अगस्त तक पुलिस हिरासत में रखा गया है।