मासूम ने भीख मांगने से मना किया तो जला दिए हाथ
आठ साल का वो मासूम स्टेशन पर अपनी मां से बिछड़ गया। रोते-बिलखते बच्चे को देख एक महिला उसे अपने साथ ले गई। लेकिन बाद में जो हुआ वो दिल दहला देने वाला है। बच्चे को अपने साथ ले जाने वाली महिला ने भीख मांगने पर मजबूर किया। और जब उसकी डिमांड पूरी नहीं हुई तो बच्चे हाथों में मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी।
बेहद चौकाने वाला ये मामला यूपी के आगरा का है। चाइल्ड लाइन के मुताबिक रेलवे ग्वालियर स्टेशन पर मां से बिछड़ने पर पीड़ित बच्चे को एक महिला आगरा ले आई। इसके बाद उससे भीख मंगवाने लगी। भीख मांगने से मना करने पर उसे यातनाएं देने लगी। पीड़ित बच्चें ने आगरा कैंट स्टेशन पर चाइल्ड लाइन को बताया कि उसने भीख मांगने से मना किया तो हाथ जला दिए गए।
संस्था के सदस्यों ने जीआरपी के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर चाइल्ड लाइन सदस्य को 15 फरवरी को मासूम मिला था। उसने खुद को ग्वालियर का रहने वाला बताया। चाइल्ड लाइन कोआर्डिनेटर नरेंद्र परिहार ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान बालक ने बताया कि वह कुछ समय पूर्व अपनी मां के साथ यात्रा कर रहा था। रेलवे स्टेशन पर वह बिछड़ गया था। इस बीच उसे सीमा नाम की महिला मिली।
भीख से 100 रुपए लाने का टारगेट दिया गया
पीड़ित लड़के के मुताबिक वह महिला उसे अपने घर ले आई। उसके साथ पांच बच्चे और थे। बालक के अनुसार, वह खुद को मां कहकर बुलवाने लगी। इसके बाद उससे भीख मंगवाने लगी। अगर, वह ऐसा नहीं करता है तो उसको पीटा जाता था।
आरोपी महिला उससे प्रतिदिन 100 रुपये लाने के लिए कहती है। एक दिन उसने भीख मांगने से मना कर दिया। इस पर महिला ने हाथों पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। इससे वह बुरी तरह से झुलस गया।
बालक को बाल कल्याण समिति के आदेश पर राजकीय बाल (शिशु) गृह में आश्रय प्रदान किया गया है। नरेंद्र परिहार ने बताया कि इस मामले में पुलिस अधीक्षक रेलवे के आफिस में पत्र दिया गया है। मानव तस्करी की आशंका जताई जा रही है।