टीचर ने कहे अपशब्द, नाबालिग छात्रा ने लगाई आग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर साउथ के गोविंद नगर में दोपहर को कॉलेज से घर लौटी 9वीं की छात्रा रेनुका उर्फ लाली (15) ने संदिग्ध हालात में घर के पिछले हिस्से में आत्मदाह कर लिया। अस्पताल ले जाने से पहले ही रेनुका की सांसें थम गईं।
बाद में छात्रा के परिवारीजनों ने दो टीचरों पर रेनुका को अपशब्द कहने का आरोप लगाते हुए कॉलेज में जमकर हंगामा किया। देर शाम पुलिस ने कॉलेज की अंग्रेजी टीचर बलजीत कौर व हिन्दी टीचर बीनू बाजपेई के खिलाफ आत्महत्या को प्रेरित करने, दलित उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज की है।
गोविंद नगर 8 ब्लॉक निवासी देवीचरण की छोटी बेटी रेनुका क्षेत्र के माया देवी बालिका इंटर कॉलेज में 9वीं की छात्रा थी। देवीचरण स्वरूप नगर स्थित एक लेडीज टेलर शॉप में काम करते हैं जबकि मां रामरानी मोहल्ले के कुछ घरों में खाना बनाती हैं। बहन पिंकी भी माया देवी बालिका इंटर कॉलेज में 10वीं में पढ़ती है।
भाई राजन ने बताया कि दोनों बहने दोपहर करीब 12.30 बजे कॉलेज से घर लौटीं। रेनूका ने मां से कहा कि शुक्रवार को वह कॉलेज नहीं जाएगी। पूछने पर बताया कि अंग्रेजी की टीचर बलजीत कौर व हिन्दी टीचर बीनू बाजपेई ने उसे अपशब्द कह कर बेइज्जत किया।
पड़ोसी से मांगी थी माचिस
परिजनों ने उसकी बात पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। रेनुका कब घर के पिछवाड़े के खाली हिस्से में पहुंच गई किसी को पता नहीं चला। कुछ देर बाद जब वहां से लपटें और धुआं उठता दिखा तो मोहल्ले वालों ने शोर मचाया। सब लोग पीछे पहुंचे तो देखा रेनूका जमीन पर पड़ी लपटों में घिरी थी।
लोगों ने पानी डाल कर आग पर काबू पाया लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। पड़ोसी पुत्तन ने बताया कि आत्मदाह से कुछ सेकेंड पहले रेनुका उससे माचिस मांग कर ले गई थी। 17 नवंबर से रेनुका की अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू होनी है। इस बात की भी चर्चा है कि पिछले महीने हुए टेस्ट में रेनुका के नंबर कम आए थे।
परीक्षा की तैयारी न होने के डिप्रेशन में रेनुका ने यह कदम उठाया। रेनुका की मौत के बाद गोविंद नगर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन परिजनों ने शव पोस्टमॉर्टम के लिये भेजने से इनकार कर दिया।
परिजन रेनुका को अपशब्द कहने वाली टीचरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए। कॉलेज में हुए हंगामे के बाद रिपोर्ट दर्ज होने पर देर शाम पुलिस ने रेनुका का शव पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा।
घर में चल रही थी शादी की तैयारी
गले माह रेनुका के बड़े भाई राजन की शादी होनी है। घर में शादी की तैयारी चल रही थी। परिवारीजनों में खुशी का माहौल था। ऐसे में रेनुका की मौत के बाद परिवार की खुशियां पल भर में ही मातम में बदल गईं। घटना के बाद रेनुका के पिता देवीचरण अपना होश खो बैठे। वहीं मां रामरानी व भाई, बहन का भी रो-रोकर बुरा हाल था।
कॉलेज प्रधानाचार्य इंद्रा रतन ने कहा कि उन्हें घटना का अफसोस है। यदि कॉलेज की टीचर से कोई प्राब्लम थी तो रेनुका को मुझे बताना चाहिये था। रेनुका पढ़ाई में कमजोर थी। दोनों आरोपी टीचरों से बात की है। रेनुका को अपशब्द कहने का आरोप गलत है।
गोविदं नगी सीओ ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि फौरी जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है। रेनुका के भाई राजन की तहरीर पर कॉलेज की टीचर बलजीत कौर और बीनू बाजपेई पर आत्महत्या को प्रेरित करने, दलित उत्पीड़न की धारा में एफआईआर दर्ज की गई है।
रेप पीड़िता छात्रा बनी मां
कानपुर में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की शिकार बनाई गई अपने 23 दिन के दुधमुंहे को गोद में लेकर नौबस्ता थाने पहुंच गई। एफआईआर दर्ज होने के एक माह बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर छात्रा थाने में धरने पर बैठ गई।
छात्रा का आरोप है कि आरोपी मुकदमा वापस लेने के लिए धमका रहा है। देर शाम तक थाने में बैठने के बाद पुलिस ने आरोपी महेश के घर दबिश दी। महेश के न मिलने पर पुलिस परिजनों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। नौबस्ता एसओ राजेश पाठक ने बताया छात्रा ने शिकायत की है। आरोपी का पता लगाया जा रहा है।
पीड़ित छात्रा पनकी की रहने वाली है। छात्रा के मुताबिक 2012 को नौबस्ता के अर्रा निवासी ममेरी बहन के घर रहकर 12वीं की परीक्षा दी थी। इस दौरान मोहल्ले में रहने वाले फौजी महेश सिंह भदौरिया ने शादी का झांसा देकर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। महेन्द्र उसका शारीरिक शोषण करता रहा। गर्भवती होने पर महेश ने शादी करने से इनकार कर दिया। वह परिजनों के साथ नौबस्ता थाने रिपोर्ट लिखाने घई तो टरका दिया। एसएसपी से शिकायत की।
इसके बाद पिछले महीने 16 अक्टूबर को महेश, उसके पिता रामकिशन, मां, भाइयों पर दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद से ही महेश मुकदमा वापस लेने को धमका रहा है। महेश के खुलेआम घूमने के बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही। महेश की शादी तय होने की सूचना पर वह 23 दिन पहले जन्मे बेटे के साथ थाने पहुंची।
छेड़छाड़ में अफसर को जेल
नई दिल्ली से हावड़ा जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में दो महिलाओं से छेड़छाड़ के आरोप में एक शिक्षा अधिकारी को बुधवार की रात यहां स्टेशन पर जीआरपी ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी पंजाब के मानसा में सहायक निदेशक (शिक्षा) है।
राजधानी एक्सप्रेस से दो महिलाएं कानपुर से हावड़ा जा रही थीं। पीड़ित महिला के मुताबिक कानपुर स्टेशन से ट्रेन चलने के बाद वह टायलेट गईं। वहां से लौटते वक्त नशे में धुत आरोपी छेड़खानी करने लगा। शोरगुल सुनकर महिला की सहेली भी पहुंच गई। तब आरोपी ने दूसरी महिला के साथ भी छेड़खानी की।
महिलाओं के शोर मचाने पर आरोपी वहां से चला गया। महिलाओं ने इसकी सूचना सिक्योरिटी कंट्रोल को दी। बुधवार देर रात ट्रेन के मुगलसराय पहुंचते ही जीआरपी आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुरप्रीत सिंह निवासी मानसा (पंजाब) बताया।
उसने बताया कि वह मानसा में सहायक निदेशक (शिक्षा) के पद पर कार्यरत है। किसी कार्य से हावड़ा जा रहा था। इस संबंध में जीआरपी प्रभारी रतन सिंह यादव ने बताया कि पीड़ित महिलाओं की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया।