चाकुओं से गोदकर की पत्नी की हत्या, खुद पहुंचा कोतवाली
उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी के में मोहल्ला बाबूराम सर्राफनगर में मंगलवार रात एक व्यक्ति ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने सदर कोतवाली पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर हत्या कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मोहल्ला बाबूराम सर्राफनगर निवासी लवकुश पांडे की शादी आठ मई 2009 को भीरा क्षेत्र के गांव मुड़िया हेमसिंह निवासी निगम निकेत की बेटी स्नेहा से हुई थी।
उनके दो बच्चे पांच वर्षीय आराध्या और दो वर्षीय ओमजी हैं। लवकुश का आरोप है कि स्नेहा का किसी से अवैध संबंध था, जिसका उसने कई बार विरोध भी किया।
जान बचाने के लिए भागती रही स्नेहा
घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर लवकुश और स्नेहा के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद लवकुश नाराज होकर स्टेशन पर चला गया और उसने स्नेहा को रास्ते से हटाने का प्लान बना डाला। कुछ देर बाद वह घर पहुंचा और चाकू से स्नेहा पर प्रहार शुरू कर दिए।
बचाव में स्नेहा घर में भागती रही। इस दौरान लवकुश ने स्नेहा के शरीर पर चाकू से सात प्रहार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के पिता निगम निकेत कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर लवकुश पांडे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
सीओ सिटी एमपी सिंह और कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।