सात साल से प्यार कर रहे जोड़े ने खाया जहर, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के शाहपुर, मोतीपोखरा में मंगलवार की रात प्रेमी युगल ने जहर खा लिया। घर वालों के समय पर अस्पताल पहुंचा देने से युवक की तो जान बच गई, लेकिन इलाज के अभाव में युवती ने घर में ही दम तोड़ दिया।
लड़की की मां ने युवक पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। तीन माह से प्रेमी युगल लिव इन रिलेशनशिप में थे और क्रिसमस के दिन दोनों ने शादी करने की योजना बनाई थी।
मोतीपोखरा के रहने वाले मान्टी मधई ड्राइवर हैं। उनका बेटा अभिषेक (22) काली मंदिर स्थित आटो पार्ट्स की दुकान पर काम करता है। सात साल से उसका आर्केस्ट्रा में काम करने वाली मोहल्ले की ऐलिना लोटेन (24) से प्रेम संबंध चल रहा था।
प्रेमी जोड़े ने क्यों खाया जहर?
तीन माह से दोनों लिव इन रिलेशनशिप में लड़के के घर में ही रह रहे थे। अभिषेक मंगलवार की शाम एलिना के साथ बाजार गया था। देर रात दोनों घर लौटे थे। बुधवार की भोर में चार बजे अभिषेक के कमरे से आवाज आने पर उसकी मां अर्चना जब वहां पहुंचीं तो दोनों बिस्तर पर पड़े थे।
अभिषेक ने जहर खाने की बात कहकर मां से नमक का घोल पिलाने को कहा। अर्चना ने बेटे को नमक का घोल पिलाया और फिर पति के साथ उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचीं। दोनों ने एलिना को अचेत हाल में कमरे में ही छोड़ दिया।
अस्पताल में उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। उधर, सुबह छह बजे जब शाहपुर पुलिस अभिषेक के घर पहुंची तो उसे बिस्तर पर एलिना की लाश मिली।
सूचना मिलने पर पहुंचीं एलिना की मां सोफिया ने अभिषेक पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। देर शाम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे अपनी अभिरक्षा में ले लिया। एसपी (सिटी) हेमंत कुटियाल ने बताया कि छानबीन चल रही है। जांच के लिए अभिषेक के खून का नमूना लिया गया है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
समझ में नहीं आ रही जहर खाने की कहानी
सब कुछ ठीक होने के बाद भी अभिषेक और एलिना के जहर खाने का कारण परिवार के लोग नहीं बता रहे हैं। जिला अस्पताल में भर्ती अभिषेक की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस की पूछताछ में उसने भी जहर खाने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया। झगड़ा होने के बाद अचानक दोनों के एक साथ जहर खा लेने या फिर एलिना को गंभीर हाल में घर पर छोड़ अकेले अभिषेक को अस्पताल पहुंचाने की घटना पूरी कहानी पर सवाल खड़ा कर रही है।