खबर तक न लगी और खाते से निकल गया पूरा पैसा
जालसाजों ने इंटरनेट बैंकिंग से एक व्यक्ति का पूरा खाता ही खाली कर दिया। यही नहीं जालसाजी का पता न चले इसको ध्यान में रखते हुए उसके मोबाइल नंबर को भी बंद करा दिया। इसके चलते पीड़ित को मोबाइल पर एसएमएस अलर्ट तक नहीं आया।
जालसाजी के तीन दिन बाद मामला तब उजागर हुआ जब पीड़ित वीरेंद्र खाते से धन निकालने गया। बैंक से डिटेल निकलवाने के बाद पता चला कि उसके एकाउंट से उसी बैंक के गोरखपुर जनपद के गोला बाजार निवासी एक लड़की के खाते में इंटरनेट बैंकिंग के जरिए धन ट्रांसफर किया गया है। इस संबंध में पीड़ित ने बैंक से शिकायत के साथ ही थाने में तहरीर दी है।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के सुकलौली गांव निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र रामनगीना का अमिला थानीदास के यूनियन बैंक में खाता है। उसने बैंक से एटीएम के साथ ही मोबाइल पर एसएमएस अलर्ट की सुविधा भी ले रखी है। लेकिन जालसाजों ने पहले उसका मोबाइल नंबर बंद कराया फिर 12 अप्रैल को उसके एकाउंट से एक लाख 11 हजार रुपए इंटरनेट बैंकिंग से उड़ा दिए।
बैंक से पैसा निकालने गया तो हुआ हैरान
मोबाइल नंबर बंद होने से उसे एसएमएस एलर्ट भी नहीं आया। इधर 15 अप्रैल को जब वह बैंक में धन निकालने के लिए गया, तो खाते में बैलेंस जीरो था। हताश होकर वह बैंक मैनेजर के पास गया।
बैंक से डिटेल निकलवाने के बाद पता चला कि 24 बार में इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से उसके खाते से इसी बैंक से सभी पैसा गोरखपुर जनपद की एक लड़की के खाते में ट्रांसफर किया गया है जिसे वह जानता तक नहीं है।
बैंक के हाथ खड़ा करने पर उसने इस संबंध में घोसी कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। इस संबंध में बैंक प्रबंधक धर्मनाथ कुमार का कहना है कि खाताधारक की शिकायत के बाद मामले की जानकारी हुई है। इस संबंध में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बैंक से किसने पैसा स्थानांतरित कराया है। मामले की बैंक अपने तरीके से जांच करा रहा है।