आखिर शीना केस में इंद्राणी ने कबूला अपना गुनाह!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रहस्य, फरेब और उलझन से भरी हाई प्रोफाइल शीना हत्याकांड की गुत्थी आखिरकार सुलझती नजर आ रही है। मामले की जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस हत्याकांड की मुख्य आरोपी और शीना की मां इंद्राणी मुखर्जी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
हालांकि अभी पुलिस की ओर से ऐसी किसी खबर की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक सोमवार को बांद्रा कोर्ट में अपनी दूसरी बेटी विधि से मिलने के बाद इंद्राणी मानसिक तौर पर काफी टूट गई थी। इसके बाद इंद्राणी ने शीना हत्याकांड में अपना गुनाह कबूल कर लिया।
इसके अलावा 'द टेलीग्राफ' के हवाले से यह भी खबर है कि जिस कार में शीना की लाश को ले जाया गया था, वह टैक्सी किराए पर ली गई थी और इस टैक्सी को खुद पीटर मुखर्जी ने ही बुक कराया था।
हालांकि पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया ने हत्याकांड की जांच पूरी होने तक पुलिस अफसरों से मीडिया को कोई भी जानकारी देने से मना किया है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और कोई भी गलत जानकारी मीडिया में जाने पर केस की जांच दूसरी दिशा में मुड़ सकती है।
गुमराह कर रही था इंद्राणी
इसके विपरीत मंगलवार को ही इंद्राणी ने पुलिस की पूछताछ में कहा था कि शीना अमेरिका में जीवित है और शादीशुदा जिंदगी जी रही है, लेकिन अब उसके गुनाह कबूलने से मामला सुलझता नजर आ रहा है।
मंगलवार को पुलिस ने इंद्राणी से शीना बोरा की हत्या का राज उगलवाने के लिए स्टिंग ऑपरेशन का तरीका अपनाया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कोर्ट से पांच दिन की रिमांड मिलने के बाद तीनों को थाने के इंट्रोगेशन रूम में करीब दो घंटे के लिए बंद कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस आयुक्त राकेश मारिया ने खुद सीसीटीवी फुटेज पर तीनों के बीच बातचीत सुनने के लिए संजीव खन्ना और ड्राइवर श्याम राय को एक ही कोठरी में बंद किया।
पहले क्या बोली थी इंद्राणी
इससे पहले हत्याकांड की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी लगातार बयान बदल रही थी। अपने वकील के बिना कुछ भी बताने से इनकार करके वह पुलिस को गुमराह कर रही थी।
इस बीच पुलिस ने मंगलवार को सेंट्रल मुंबई के दादर में उस स्ट्रीट वेंडर को खोज निकाला, जिससे इंद्राणी और ड्राइवर श्याम राय ने दो सूटकेस खरीदे थे। वेंडर ने ड्राइवर की पहचान कर ली है और पुलिस अब वेंडर को इस मामले में गवाह बनाएगी।
पूछताछ के दौरान इंद्राणी लगातार नए पैंतरे आजमा रही थी। उसने कहा कि शीना अमेरिका में शादीशुदा जिंदगी बिता रही है। इंद्राणी का कहना था कि शीना उससे बेहद नफरत करती है और चाहती है कि वह इस केस में फंस जाए, लिहाजा वह सामने नहीं आ रही है।
अब तक इंद्राणी से 60 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ हो चुकी है। मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया से लेकर संयुक्त पुलिस आयुक्त देवेन भारती और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कदम सहित खार पुलिस थाने के इंस्पेक्टर इंद्राणी, उसके दूसरे पति संजीव खन्ना और ड्राइवर श्याम राय से लगातार पूछताछ कर रहे हैं।