यूपी: अवैध संबंधों के शक में पति ने काटे पत्नी के बाल
उत्तर प्रदेश के झींझक (कानपुर देहात) में मंगलपुर क्षेत्र के ग्राम जैतीपुर में रविवार रात दूसरे से संबंध के शक में पति और उसके भतीजों ने महिला के सिर के बाल काट दिए।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ महिला उत्पीड़न का रिपोर्ट दर्ज की है। तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना मंगलपुर क्षेत्र के ग्राम जैतीपुर निवासी रामनरेश को अपनी पत्नी पर गांव के ही एक युवक से संबंध होने का शक था। इसी के चलते रविवार रात पति रामनरेश, भतीजे बलवीर, सलवीर के साथ घर पहुंचा और पत्नी को पीटने लगा।
महिला पर जेवर ले जाने का आरोप
फिर उसके बाल काट डाले। पत्नी ने आरोप लगाया है कि पति व भतीजे उसे घर से निकालना चाहते हैं।
वहीं पति ने आरोप लगाया कि पत्नी घर का सारा जेवर लेकर चली गई थी। वापस आने पर पूछताछ की तो विवाद हो गया।
थानाध्यक्ष मंगलपुर अतर सिंह ने बताया कि महिला की तरफ से पति रामनरेश, बलवीर, सलवीर खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।