बहन के प्रेमी को भाइयों ने दी खौफनाक मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में अपनी बहन के प्रेमी को उसके भाइयों ने पीटकर मार डाला। घटना सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर की है। यह वारदात देर रात तब हुई जब लड़की घरवालों से छिपकर अपने प्रेमी से मिलने गई थी। आरोपियों ने दोनों को आपत्तिजनक हाल में देख लिया था।
मंगलवार की भोर में उन्होंने लड़के के एक दोस्त पर भी हमला किया। उसने भागकर अपनी जान बचाई। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो नाबालिग हैं।
सिंहपुर गांव के रहने वाले मन्नालाल पटेल के तीन बेटों में सबसे छोटा अमित पटेल उर्फ गोलू महाबोधि इंटर कालेज से 11वीं की पढ़ाई कर रहा था। गांव के लोगों का कहना है कि अमित का अपने गांव की रहने वाली दसवीं की एक छात्रा से प्रेम प्रसंग था।
सोमवार की रात करीब 12 बजे छात्रा अपने प्रेमी अमित उर्फ गोलू से मिलने के लिए घर से निकली। उसे जाते समय पिता ने देखा था। करीब आधे घंटे बाद तक वह नहीं लौटी तो पिता ने अपने तीनों बेटों को इसकी जानकारी दी। तीनों ने अपनी बहन की तलाश शुरू कर दी।
खेत में आपत्तिजनक हालत में थे दोनों
कुछ देर बाद पास के ही एक खेत में छात्रा और गोलू आपत्तिजनक हाल में देखे गए। छात्रा के भाइयों ने गोलू को मारने के लिए दौड़ाया। गोलू भागते समय पास के पुराने भट्ठे के गड्ढे में गिर गया। आरोपियों ने लाठी-डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी।
उसे अधमरा कर लड़की के तीनों भाई अपने घर चले गए। दिलचस्प यह रहा कि इस बीच, छात्रा ने गोलू के घर पहुंच उसके बड़े भाई जितेंद्र को घटना की जानकारी दी। रात में ही गोलू के भाई जितेंद्र और नागेंद्र छात्रा के घर पहुंचे।
उनके पूछने पर छात्रा के भाइयों ने बताया कि गोलू भट्ठे की तरफ गिरा पड़ा है। घरवाले गोलू को रात में ही वहां से उठाकर मकबूल आलम रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले आए। यहां इलाज के दौरान भोर में करीब चार बजे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची।
दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे एसपी सिटी सुधाकर यादव भी पहुंचे। पुलिस ने आरोपी तीनों भाइयों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। एसओ सारनाथ डीपी यादव का कहना है कि गोलू के पिता मन्नालाल पटेल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रेमी के दोस्त को भी पीटा
आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि प्रेम प्रसंग के चलते ही उन्होंने गोलू की हत्या की। मामला ऑनर किलिंग का लग रहा है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। लड़की के तीनों भाइयों ने मंगलवार की भोर में करीब पांच बजे शौच के लिए जा रहे गोलू के दोस्त जुगनू को भी दौड़ा लिया।
उसकी जमकर पिटाई की। शोर सुनकर लोग जुटे तब वह किसी तरह जान बचाकर भागा। आरोपी भाइयों का कहना था कि जुगनू अपने मोबाइल से छात्रा और गोलू की बात कराता था। दोनों के बीच वह मध्यस्थ की भूमिका निभाता था।
‘पहले अपनी बहन को समझाते’
सिंहपुर गांव में लड़की के घर तो सन्नाटा पसरा था लेकिन गोलू के घर भीड़ लगी थी। गोलू के भाई जितेंद्र का कहना है कि लड़की रात में उनके घर आई थी। उसी ने बताया कि गोलू की पिटाई हो रही है। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और गोलू को अस्पताल ले गए। वहीं जुगनू की बहन पूजा ने कहा कि आरोपियों को पहले अपनी बहन को समझाना चाहिए था।
‘मैं होती तो ऐसा न होता’
आरोपियों की मां सोमवार की सुबह अपने मायके चली गई थी। घटना की जानकारी के बाद मंगलवार की सुबह वह लौटी। उसका कहना है कि अगर वह घर पर होती तो ऐसी घटना न होने देती। बेटों पर भूत सवार हो गया था, जिसके कारण उन्होंने ऐसा किया।
गांव में फोर्स तैनात
लड़का और लड़की दोनों अलग-अलग जाति के हैं। इसे लेकर गांव में जातीय तनाव का माहौल बना हुआ है। लड़के और लड़की के घरों के अलावा गांव में कई अन्य स्थानों पर एहतियात के तौर पर फोर्स तैनात कर दी गई है।