यूपी: IVRI के प्रधान वैज्ञानिक की गला रेतकर हत्या
यूपी के बरेली में आईवीआरआई के प्रधान वैज्ञानिक डॉक्टर दीपक शर्मा की बुधवार की रात परिसर स्थित उनके आवास में गला रेतकर हत्या कर दी गई। हाई सिक्योरिटी वाले इस इलाके में सनसनीखेज वारदात से लोगों में दहशत है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। उनके गर्दन और सीने पर धारदार हथियार से करीब 20 गहरे चोट के निशान हैं। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है लेकिन फिलहाल पुलिस प्रापर्टी तथा विभागीय विवाद दोनों ही एंगिल पर जांच कर रही है।
पुलिस ने उनके आफिस को सील कर दिया है। मोबाइल, लैपटॉप तथा अन्य सामान भी जांच के लिए पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। आईजी और डीआईजी ने घटना स्थल का मुआयना करके मृतक के परिवार वालों को जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। शाम को पोस्टमार्टम के बाद माडल टाउन स्थित शमशान घाट में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अभी तक की पुलिस जांच में पता चला है कि हत्यारे केवल हत्या के लिए आए थे।
मां और नौकरानी को बाथरूम में कैद किया
एनीमल जेनेटिक्स विभाग के प्रधान वैज्ञानिक डॉक्टर दीपक शर्मा आईवीआरआई की आवासीय कॉलोनी के डायरेक्टर कोठी जीओवी-9 में परिवार के साथ रहते थे। बुधवार रात करीब नौ बजे किसी युवक ने उनकी कोठी की घंटी बजाई तो मां सुशीला देवी ने दरवाजा खोला।
आने वाले ने डा. शर्मा के बारे में पूछा तब तक वह ही गेट पर आ गए और उसे अपने साथ ड्राइंग रूम में ले गए। थोड़ी देर बाद तीन युवक और आ गए। दीपक शर्मा उनके लिए चार गिलास पानी भी लेकर आए। घर में उस वक्त दीपक शर्मा, उनकी मां और कोठी के सर्वेंट क्वार्टर में रहने वाली नौकरानी दीपा भी थी।
सवा नौ बजे नौकरानी खाना बनाने के बाद अपने घर के लिए चली तो ड्राइंगरुम में बैठे दो लोग बाहर निकल आए। उन्होंने दीपा को धक्का देकर रोक लिया। शोर मचाने की कोशिश पुर जान से मारने की धमकी दी और सुशीला के कमरे में ले गए। सुशीला कमरे में टीवी पर सीरियल देख रहीं थीं। डा. दीपक की पत्नी निर्मला वृंदावन (मथुरा) स्थित अपने मायके गई हुईं थीं।
हत्यारों में से दो ने मां सुशीला देवी से अलमारियों की चाबी और घर का कीमती सामान मांगा। मां ने हत्यारों को बताया कि कहीं भी ताला नहीं लगा है। इसके बाद सुशीला और नौकरानी दोनों को बांधकर कमरे से सटे बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद हत्यारे धारदार हथियार से दीपक शर्मा की हत्या कर फरार हो गए।
वैज्ञानिक के करीबी ने की हत्या
कुछ देर बाद नौकरानी दीपा की सास सीता देवी अपने बेटे गोकुल के साथ डॉक्टर मनीष तोमर के यहां से काम करके अपने सर्वेंट क्वार्टर में जा रही थी। मां-बेटे अपने घर जाने के लिए चले तो पास में ही बाथरूम में बंद दीपा ने शोर मचाकर उन्हें बुलाया। सीता दीपा के पति जयदेव उर्फ दीपक को बुला लाई।
उसने कोठी के मेनगेट को बाहर से खोलकर दीपा और सुशीला को बाहर निकाला। वह पत्नी को सर्वेंट क्वार्टर ले आया। इसके बाद फिर वह अंदर गया तो देखा तो डा. दीपक शर्मा का शव कुर्सी पर पड़ा था। उनकी गर्दन कटी हुई थी। खून से सनी कैंची भी कमरे में ही पड़ी हुई थी।
सुशीला के कहने पर दीपा के पति पड़ोस में रहने वाले वैज्ञानिक डॉक्टर जगमोहन को बुला लाए। उन्होंने ही आईवीआरआई के निदेशक तथा पुलिस अधिकारियों को घटना की खबर दी। सूचना पर एसपी सिटी, एसएसपी घटना स्थल पर पहुंच गए।
बुधवार की सुबह आईजी विजय सिंह मीना और डीआईजी आरकेएस राठौर ने अधिकारियों के साथ घटना स्थल का मुआयना करके जल्द की हत्या का खुलासा करने का आश्वासन दिया है। आईजी ने बताया कि हत्यारा प्रधान वैज्ञानिक का करीबी है। कई पहलुओं पर विवेचना की जा रही है।
छह टीमें बनाकर हत्यारों की तलाश कराई जा रही है। सर्विलांस की मदद से भी हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। नौकरानी और उसके परिवार से पूछताछ की जा रही है। ऑफिस के लोगों सहित अन्य संदिग्धों लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।