ऐन वक्त पर भूल गया 'पत्नी' का नाम, मिली जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ब्रिटेन की एक अदालत ने शादी से कुछ मिनट पहले अपनी भावी पत्नी का नाम भूल गए एक पाकिस्तानी दूल्हे सहित तीन लोगों को आव्रजन अपराध के मामले में 20 महीने कैद की सजा सुनाई है।
मामला पिछले साल अक्तूबर का है, जब आरोपी जुबेर खान ने शादी समारोह से पहले शादी को रजिस्टर्ड कराने के दौरान एक दलाल को फोन करके अपनी होने वाली पत्नी का नाम पूछा।
उसकी इस हरकत पर रजिस्ट्रेशन काउंटर पर बैठे शख्स को शक हुआ और उसने गृह विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। जिसके बाद आरोपी युवक को उसकी होने वाली पत्नी और बिचौलिए के साथ रजिस्ट्रार ऑफिस से ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
तो ये है नकली शादी की असली वजह
टेलीग्राफ के अनुसार, आरोपी जुबेर खान (28) एक पूर्व कॉलेज छात्र था। उसका स्टूडेंट वीजा खत्म होने वाला था। उसने ब्रिटेन में रहने के लिए झूठी शादी की साजिश रची, लेकिन वह अपने ही बुने जाल में फंस गया।
हल क्राउन कोर्ट ने खान और उसकी हंगेरियाई बीवी बीटा जिलाग्यी को क्रमश: 20 महीने और 17 महीने कैद की सजा सुनाई। दोनों ने आव्रजन कानून का उल्लंघन करने की साजिश का अपराध स्वीकार कर लिया।
लंदन निवासी बिचौलिए खालिक दाद खान (48) ने भी अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसे भी 20 महीने कैद की सजा सुनाई गई है।
बता दें कि ब्रिटेन की नागरिकता हासिल करने के लिए फर्जी शादी करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। इस केस में जांच के दौरान पता चला कि दुल्हन बनी आरोपी बेरोजगार थी और वह पैसे लेकर ऐसा करती थी। उसे दो हजार पाउंड दिए जाते थे।