200 साल पुराने बेशकीमती नेकलेस ने ली बुजुर्ग की जान!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
61 साल के उदय राज सिंह को अपने 200 साल पुराने हीरे के बहुमूल्य नेकलेस की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। नेकलेस की कीमत 45 से 50 लाख बताई जा रही है। बीते मंगलवार को सेंट्रल बंगलूरू में विल्सन गार्डन स्थित अपने घर में उनकी हत्या कर दी गई थी।
बुधवार को पुलिस कमिश्नर राघवेंद्र ने बताया कि 6 बदमाश नेकलेस को देखने के बहाने उदय के घर में आए थे। घर में घुसने के बाद बदमाशों ने उदय की गर्दन पर प्रहार किया। उदय की पत्नी को भी घायल करके ये बदमाश फरार हो गए। दरअसल उदय इस नेकलेस के लिए खरीदार ढूंढ रहा था।
पुलिस सूत्रों ने बताया, ''हार के बारे में पुरातत्व विभाग की रिपोर्ट अभी हमें नहीं मिली है। लेकिन यह पक्का है कि नेकलेस तकरीबन 200 साल पुराना है। इसे उत्तर भारत के किसी राजा से खरीदा गया था। '' इसकी कीमत 40 से 45 लाख हो सकती है।
धरे गए तीन अपराधी
तीन अपराधी पुलिस की हिरासत में लिए जा चुके हैं। नेकलेस भी पुलिस के कब्जे में है। पुलिस ने खुलासा किया कि हिरासत में लिए गए बदमाशों मे से एक रिटायर्ड फौजी का बेटा है। जबकि बाकियों के बारे में उनका कहना है कि सारे अपराधियों के पकड़े जाने के बाद ही उनकी पहचान जाहिर की जा सकेगी।
जिस कांस्टेबल की होशियारी से तीन अपराधी हिरासत में लाए जा सके हैं, उसे 5000 रुपए का इनाम भी दिया गया है।
उदय के परिवार से जुड़े लोगों से पता चला है कि उदय की पत्नी सुशीला को इन बदमाशों पर शक हो गया था। वह लगातार उदय को सावधान करने की कोशिश भी कर रही थी। अजनबियों को नेकलेस दिखाने को भी सुशीला मना कर रही थी। लेकिन उदय ने उसकी एक नहीं सुनी।
तीन अपराधियों की तलाश जारी है
परिवार के लोगों ने बताया कि उदय नेकलेस को बेचने से मिले पैसों को बैंक में रखना चाहता था। ताकि मिलने वाले ब्याज से उसकी बाकी जिंदगी चैन से कट सके।
सुशीला सिंह अब खतरे से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि केस के मद्देनजर सुशीला का बयान बेहद अहम है। लेकिन अभी वह बयान देने की हालत में नहीं हैं।