तमंचा दिखाया, पंचायत घर ले गया और बलात्कार कर दिया
बलात्कार के मामलों में एक और मामला जुड़ता देख भले ही आपको ये यौन हिंसा का रुटीन मामला लगे, लेकिन बलात्कार की एक और घटना बताती है कि यूपी में आपराधिक मानसिकता वाले लोगों को कानूम-व्यवस्था से रत्ती भर भय नहीं रह गया है। हालांकि ये बात कहना भी अब बेमानी लगता है।
चूंकि खबर आपके सरोकार से भी जुड़ी है, इसलिए वाकिफ कराना जरूरी है। ताकि आपके आस-पास भी जब ऐसी घटनाओं की संभावना बने तो आप पहले से सचेत रहें।
बिजनौर में पूर्व प्रधान के बेटे ने तमंचे के बल पर गांव की एक किशोरी के साथ गांव के ही पंचायत घर में दुष्कर्म कर डाला। बेहद घिनौनी वारदात के बाद भले ही पीड़िता के घरवाले कलंकित महसूस करें, लेकिन उस कलंक के बदनुमा छींटे हमारे-आपके ऊपर भी पड़े हैं। क्योंकि सभ्य कहलाने वाले समाज ने सामने होती वारदातों को अनदेखा करना जो शुरू किया है।
हमारा मकसद आपको दोषी ठहराना नहीं है बल्कि कड़वी हकीकत से वाकिफ कराना है। वारदात को बिजनौर के बढ़ापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात को अंजाम दिया गया।
मिला जांच के बाद कार्रवाई का आश्वन
आरोप है कि गांव के पूर्व प्रधान के पुत्र ने तमंचे के बल पर गांव की एक किशोरी के साथ गांव के ही पंचायत घर में बलात्कार किया। इस मामले में किशोरी की मां ने तहरीर दी है।
पीड़िता के मां ने पुलिस को बताया कि वो गांव की एक मावा भट्टी पर मजदूरी करती हैं। शनिवार रात 11 बजे जब वह अपने घर पहुंची तो परिजनों ने बेटी के बारे में पूछा जो करीब आधा घंटा पहले उसे बुलाने के लिए घर से रवाना हुई थी। आनन-फानन में बच्ची की ढुंढ़ाई शुरू हुई।
काफी देर की खोजबीन के दौरान गांव के पंचायत घर से किशोरी के रोने की आवाज सुनाई दी। परिजन पंचायत घर के अंदर पहुंचे तो गांव का लड़का तमंचा लहराते हुए और धमकी देते हुए भाग निकला।
किशोरी ने अपने परिजनों को सारी आपबीती बताई। आरोपी युवक पूर्व ग्राम प्रधान का पुत्र बताया जाता है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सतीश कुमार यादव ने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।